बोकारो: तेज रफ्तार कार ने ऑटो में मारी टक्कर, एक की मौत; कई घायल
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
बोकारो के उकरीद मोड़ के पास गुरुवार रात सड़क हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार कार ने विश्वकर्मा पूजा देखकर लौट रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया. इस हादसे में सुनील वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है.
बोकारो. सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के उकरीद मोड़ के पास गुरुवार की रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी उत्तरी भाग निवासी सुनील वर्मा के रूप में हुई है. सभी घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है.
मृतक के बेटे मनोज कुमार वर्मा ने शुक्रवार को बीजीएच में पुलिस के समक्ष फर्दबयान दर्ज कराया. इसमें उन्होंने हादसे की पूरी जानकारी दी है.
विश्वकर्मा पूजा मेला देखकर लौट रहे थे
फर्दबयान के अनुसार, 17 सितंबर की शाम सुनील वर्मा अपने ऑटो (जेएच09बीएम-0676) से गांव के कुछ लोगों को लेकर सेक्टर-4 स्थित विश्वकर्मा पूजा मेला देखने आये थे. मेला देखने के बाद सभी लोग ऑटो से वापस गांव लौट रहे थे.
ये भी पढ़ें: बोकारो में फिर सक्रिय चेन स्नेचर, तीन दिनों में तीन वारदात; कोढ़ा, दास और वासवानी गैंग पुलिस के रडार पर
ऑटो जब उकरीद मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही काले रंग की कार (जेएच09बीएम-7824) ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया. हादसे में सुनील वर्मा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग घायल हो गये.
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. मृतक के बेटे के अनुसार, घायलों का इलाज अभी बीजीएच में चल रहा है.
चालक पर तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
मनोज कुमार वर्मा ने पुलिस को दिये फर्दबयान में आरोप लगाया कि सेक्टर-12 निवासी कार चालक रोहित कच्छप, जिसकी उम्र 20 वर्ष बतायी गयी है, वाहन को तेज और लापरवाही से चला रहा था. इसी दौरान कार ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी.
मनोज ने आरोप लगाया कि चालक की लापरवाही के कारण ही उनके पिता की मौत हुई. फर्दबयान को आगे की कार्रवाई के लिए सेक्टर-12 थाना प्रभारी को भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए