बोकारो में मिनी गन फैक्टरी संचालक गिरफ्तार, रांची भागने की फिराक में था पवन तुरी; गोड्डा पुलिस को सौंपा
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
महागमा थाना क्षेत्र के मिनी गन फैक्टरी का संचालक पवन कुमार तुरी, जो पुलिस को चकमा देकर रांची भागने की कोशिश कर रहा था, उसे बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गोड्डा पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है.
बोकारो. महागमा थाना क्षेत्र के घाट बलिया गांव में संचालित मिनी गन फैक्टरी के मामले में फरार चल रहे संचालक पवन कुमार तुरी को जरीडीह पुलिस ने बुधवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के डर से पवन गोड्डा से रांची भागने की कोशिश कर रहा था. बोकारो एसीपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर जरीडीह थानेदार विपिन कुमार ने बेरियर के पास कार्रवाई करते हुए उसे कार समेत पकड़ लिया.
गिरफ्तारी के बाद जरीडीह पुलिस ने पवन कुमार तुरी को गोड्डा पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल गोड्डा पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में आगे की जानकारी जुटा रही है.
मोबाइल लोकेशन से मिली रांची भागने की जानकारी
जानकारी के अनुसार, मिनी गन फैक्टरी का संचालक पवन कुमार तुरी अपनी कार से गोड्डा से रांची के लिए निकला था. गोड्डा पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी. मोबाइल लोकेशन के आधार पर गोड्डा एसपी ने बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा से संपर्क किया और पवन के बोकारो के रास्ते रांची भागने की जानकारी दी.
ये भी पढ़ें: बोकारो के रानीचिड़का गांव में पेयजल संकट, डीसी ने दिया स्थायी समाधान का भरोसा; जल जीवन मिशन से योजना पर जोर
इसके बाद बोकारो एसपी ने लोकेशन के आधार पर जरीडीह थानेदार विपिन कुमार को अलर्ट किया. जरीडीह पुलिस ने पवन की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसकी रेकी शुरू कर दी. बुधवार की देर रात जैसे ही उसकी कार जरीडीह बेरियर के समीप पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे कार समेत गिरफ्तार कर लिया.
अवैध हथियार बरामदगी के बाद से था फरार
पुलिस के अनुसार, पवन कुमार तुरी मिनी गन फैक्टरी का संचालक है. उसकी तलाश में बिहार एसटीएफ और गोड्डा पुलिस की टीम संयुक्त रूप से लगातार छापेमारी कर रही थी. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किये गये थे. इसके बाद से ही पवन कुमार तुरी फरार चल रहा था.
गोड्डा पुलिस को उसकी लोकेशन बोकारो की ओर मिलने के बाद बोकारो पुलिस से संपर्क किया गया. इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस के समन्वय से जरीडीह में उसे पकड़ लिया गया.
फिलहाल गोड्डा पुलिस पवन कुमार तुरी से पूछताछ कर रही है. पुलिस उसके नेटवर्क और मिनी गन फैक्टरी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए