बोकारो में बदला रात की गश्ती का अंदाज, अब खुद सड़कों पर उतर रहे SP-डीएसपी
सड़कों पर देर रात को आने जाने वालों से हो रही है पूछताछ | Prabhat Khabar Network
बोकारो में अब रात की पुलिस गश्त का तरीका बदल गया है. एसपी खुद मैदान में उतरकर औचक निरीक्षण कर रहे हैं, जिसका मकसद अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसना है. जानिए इस नए अभियान के बारे में.
बोकारो में गश्ती का तरीका बदला-बदला सा है. पहले थाना क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार पुलिस अधिकारी व जवान गश्ती करते थे. अब रात को गश्ती में एसपी नाथू सिंह मीणा, डीएसपी सिटी राजीव रंजन, एएसपी वेदांत शंकर, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार दिखते हैं. जिले के पुलिस कप्तान जब रातों को गश्ती करने निकलते हैं, तो ऐसे में इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी भी देर रात को सडक पर नजर आने लगते है. शनिवार की देर रात एसपी श्री मीणा ने बीएस सिटी, सेक्टर चार व हरला सहित अन्य थाना क्षेत्र में गश्ती की.
गश्ती के साथ औचक निरीक्षण भी
रात्रिकालीन गश्ती का औचक निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के दौरान गश्ती दलों की सतर्कता, कार्यप्रणाली व अपराध नियंत्रण संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया गया. एसपी ने गश्ती दलों को नियमित रूप से वाहन चेकिंग, एंटी क्राइम चेकिंग व एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाने का निर्देश दिया. हर संदिग्ध लगने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाने. उनके परिवार से सत्यापन के बाद रिलीज करने की बात कही.
अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना उद्देश्य
अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना इस अभियान का उद्देश्य है. निरीक्षण के क्रम में एसपी ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की. संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच करने के साथ संवेदनशील व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया.
इनकी रही उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान सिटी इंस्पेक्टर ममता कुमारी, सेक्टर 12 इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास, सेक्टर चार इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, माराफारी थानेदार संजय कुमार, हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम सहित अन्य थानेदार मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए