Bokaro News : महासम्मेलन में जुटे आठ लाख से अधिक श्रद्धालु

Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 06 Nov 2025 12:34 AM

विज्ञापन

Bokaro News : तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन में देश-विदेश के आठ लाख श्रद्धालुओं का जुटान हुआ.

विज्ञापन

गोमिया प्रखंड के ललपनिया स्थित लुगुबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ में आयोजित तीन दिवसीय 25वां अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन (राजकीय महोत्सव) बुधवार को संपन्न हुआ. अनुमान के मुताबिक, तीन दिनों में देश-विदेश के आठ लाख श्रद्धालुओं का जुटान हुआ है. रविवार से ही श्रद्धालुओं का यहां पहुंचना शुरू हो गया था, जो बुधवार की दोपहर तक जारी रहा. सोमवार से बुधवार की सुबह तक ललपनिया में बनाये गये सभी पार्किंग स्थल गाड़ियों से भर चुके थे. इसके बाद मुख्य सड़कों के किनारों पर ही गाड़ियां खड़ी की जाने लगी. लुगु घाटी में लगभग दो किमी तक दोनों किनारों पर गाड़ियां लगी थीं. तीसरे दिन लाखों श्रद्धालु पहाड़ की गुफा में लुगु बाबा के दर्शन के लिए उमड़े. सात किमी का दुर्गम रास्ता तय कर कोई लुगु बाबा के दर्शन कर लौट रहा था, तो कोई जा रहा था. आस्था के आगे दुर्गम रास्ता भी बाधक नहीं था. कई लोग लाठी के सहारे चलते दिखे, तो कई बुजुर्ग महिलाएं अपने सिर पर बैग लेकर पहाड़ से उतरती दिखीं. बुधवार की शाम गोमिया-ललपनिया मुख्य सड़क घंटों जाम रहा. इसके कारण हजारों श्रद्धालु पैदल ही ललपनिया कार्यक्रम स्थल की ओर चल पड़े. मेला में कोई तीर-धनुष खरीद रहा था, तो कोई अपने भाषा, साहित्य व संस्कृति से जुड़ी सामग्री. कहीं संथाली वाद्य यंत्र कोई बजा रहा था, तो कहीं लोग पहाड़ से गिरने वाले पानी को बोतल में भरते दिखे.

समिति के पदाधिकारी व सदस्य रहे सक्रिय

आयोजन को लेकर लुगुबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, सचिव लोबिन मुर्मू, उप सचिव मिथिलेश किस्कू, बिंदे सोरेन, सुरेंद्र टुडू, मंझला मांझी, लुदु मांझी, मुखिया बबलू हेंब्रम, दशरथ मार्डी, फिनिराम सोरेन, रॉयल हांसदा, शिवचरण सोरेन, भुवनेश्वर टुडू, कालिदास मार्डी, गुरुलाल मांझी, सेवाराम हांसदा, दिनेश कुमार मुर्मू, एतोराम किस्कू, शिवराम हांसदा, कमल बेसरा, सुखराम बेसरा, बुधन सोरेन, अंजन हेंब्रम, फूलचंद हेंब्रम, रिमिल टुडू, राजेश किस्कू, दिलीप मरांडी, हीरालाल मांझी सहित तमाम पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रहे. लुगुबुरु पुनाय थान सरना धोरोमगाढ़ समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश सोरेन सहित सभी पदाधिकारी व सदस्य लुगुबुरु घिरी दोलान परिसर में विधि व्यवस्था को लेकर सक्रिय रहे.

पुलिस और प्रशासन की रही मुस्तैदी

महासम्मेलन के दौरान मंच से लेकर विधि-व्यवस्था तक को लेकर जिला प्रशासन के पदाधिकारी सक्रिय रहे. डीसी अजय नाथ झा, एसपी हरविंदर सिंह सहित चास व बेरमो के एसडीओ, कई बीडीओ, सीओ, डीटीओ, हेडक्वार्टर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, इंस्पेक्टर, सिविल सर्जन आदि सक्रिय रहे. दर्जनों थानों की पुलिस मुस्तैद रही. इसके अलावे प्रतिनियुक्ति सभी दंडाधिकारी, समिति के वोलेंटियर्स अपने अपने दायित्वों के प्रति सजग और सतर्क रहे. चौक-चौराहों व चिह्नित 70 स्थानों पर मजिस्ट्रेट, सुरक्षा बल व समिति के वोलेंटियर्स मुस्तैद रहे. कंट्रोल रूम से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी निगरानी कर रहे थे. सहायता केंद्र के जरिए लगभग दर्जन भर बिछड़े बच्चों और लोगों को परिजनों से मिलवाया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola