Bokaro News : खैराचातर की छोटी कुमारी इंटर आर्ट्स में स्टेट टॉपर
Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 07 May 2026 12:22 AM
Bokaro News : इंटर आर्ट्स में खैराचातर की छोटी कुमारी स्टेट टॉपर बनी.
इंटर आर्ट्स की परीक्षा में बोकारो जिला अंतर्गत कसमार प्रखंड के खैराचातर गांव की छोटी कुमारी 478 अंक प्राप्त कर स्टेट टॉपर बनी है. इससे गांव, विद्यालय और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. छोटी कुमारी भवानी शंकर नायक और माला देवी की पुत्री और पीएमश्री क्षेत्रनाथ प्लस टू उच्च विद्यालय, हरनाद की छात्रा है. सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है. पिता दिहाड़ी मजदूर हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी बेटी की पढ़ाई जारी रखी.
आइएएस बन कर देश सेवा करना है सपना
अपनी सफलता पर छोटी कुमारी ने कहा कि उसका सपना आइएएस अधिकारी बन कर देश की सेवा करने का है. परिवार, समाज और प्रशासन का सहयोग मिला तो वह आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी करेगी. कहा कि उन्होंने परीक्षा में अचानक अधिक पढ़ाई करने के बजाय नियमित अध्ययन पर ध्यान दिया. प्रतिदिन चार-पांच घंटे तक लगातार पढ़ाई करती थी. अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है. छोटी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया.
आर्थिक तंगी ने साइंस पढ़ने का सपना रोका, फिर भी नहीं टूटा हौसला
छोटी कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में भी 88.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किया था. आगे की पढ़ाई साइंस से करने की इच्छा थी, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण आर्ट्स लिया. साइंस नहीं ले पाने का आज भी अफसोस है. अब लक्ष्य आर्ट्स में ही आगे पढ़ाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल करना है. विषय नहीं, बल्कि मेहनत और लगन इंसान को ऊंचाई तक पहुंचाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










