Bokaro News : हीट वेव से निपटने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

Bokaro News : जिले में बढ़ते तापमान व हीट वेव को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी की है.
जिले में बढ़ते तापमान व हीट वेव को देखते हुए डीसी अजय नाथ झा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की. कहा कि हीट वेव गंभीर आपदा के रूप में सामने आ सकता है. इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें. अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें.
जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना
हीट वेव से संबंधित शिकायतों व आपात स्थिति में त्वरित समाधान के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित रहेगा. अपर समाहर्ता को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त करते हुए सभी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. लोग मोबाइल नंबर 8986660333 और फोन नंबर 06542-242409 व 06542-241000 नंबरों पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करें
सिविल सर्जन डॉ एबी प्रसाद को सभी प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में ओआरएस, जीवनरक्षक दवाएं, पर्याप्त बेड व एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारी रखने व चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया.
चलेगा जनजागरूकता अभियान
जिला जनसंपर्क कार्यालय को व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. कहा कि चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैक्स, बैनर व होर्डिंग्स के माध्यम से हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जाये. सोशल मीडिया व स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करें.
पेयजल व राहत सामग्री की व्यापक व्यवस्था
डीसी ने सभी बीडीओ व सीओ को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत सचिवालयों व सार्वजनिक स्थलों में प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. साथ ही चना-गुड़, सत्तू व नींबू पानी उपलब्ध कराया जाये. चास नगर निगम, बीएसएल टाउनशिप व फुसरो नगर परिषद क्षेत्रों में भी सभी वार्डों में इसी प्रकार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों और थानों में भी आमजनों और कर्मियों के लिए पेयजल व राहत सामग्री की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों व महिलाओं के लिए ओआरएस, मध्यान्ह भोजन व स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. कुपोषित व कमजोर वर्गों के लिए विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया.
औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी तय
जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों व कंपनियों को कार्यस्थल में कर्मियों व अधिकारियों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार विश्राम स्थल व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. कहा गया कि आसपास के क्षेत्रों में भी जनहित में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें. श्रम अधीक्षक को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया.
पेयजल आपूर्ति व चापाकलों की मरम्मत पर जोर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाने काे कहा गया. चालू चापाकलों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू रूप से चालू रखने को कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट उत्पन्न नहीं हो.
सूचना प्रणाली को सुदृढ़ करने का निर्देश
जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी (डीडीएमओ) को निर्देश दिया गया कि हीट वेव से संबंधित जानकारी के त्वरित आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप समूह/चैनल का गठन करें. साथ ही प्रतिदिन हीट वेव की स्थिति पर आधारित बुलेटिन जारी किया जाये. बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
आमजनों से अपील
डीसी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें. खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें. पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें. हल्के व ढीले कपड़े पहनें. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचे. धूप में निकलने की स्थिति में छाता, गमछा या टोपी का प्रयोग अवश्य करें. बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




