निजी अस्पतालों पर डीसी सख्त, क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट का पालन जरूरी
बैठक में शामिल अस्पताल संचालक | Prabhat Khabar Network
उपायुक्त अजय नाथ झा ने निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम संचालकों के साथ बैठक कर क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के अनुपालन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा एक व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट हेल्थ सोसायटी के तत्वावधान में जिले के निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के प्रभावी अनुपालन, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों अस्पताल
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है. सभी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करना आवश्यक है. मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर वातावरण, समुचित जानकारी तथा सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गठित टीम सरकारी और निजी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करेगी तथा क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा करेगी.
मरीजों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
डीसी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. साथ ही अस्पतालों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, सूचना प्रणाली और स्पष्ट साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
आभा शपथ दिलाकर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर
बैठक में उपायुक्त ने आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई. इस दौरान उपस्थित सभी अस्पताल संचालकों एवं प्रतिनिधियों को आभा शपथ भी दिलाई गई.
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने अस्पताल संचालकों से नियमों और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की.
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद, डीएस डॉ. एन.पी. सिंह, डीपीआरओ रवि कुमार, कुमार प्रभात रंजन, डॉ. टी.ए.के. सिंह, पूनम झा, डॉ. संजय कुमार, विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी, निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के संचालक व प्रतिनिधि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








