करोड़ों की लागत से बने पुल का संपर्क पथ बारिश में ढहा, दर्जनों गांवों होंगे प्रभावित
चंदनकियारी के दरहा जोड़िया में बने पुल का संपर्क पथ टूटा | Prabhat Khabar Network
चंदनकियारी प्रखंड में करोड़ों की लागत से बने पुल का संपर्क पथ बारिश की भेंट चढ़ गया है. मरम्मत न होने पर मुख्य सड़क के भी धंसने का खतरा है, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो सकता है. ग्रामीणों ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है.
चंदनकियारी प्रखंड के दरहा जोड़िया में करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल का संपर्क पथ बारिश के कारण ढह गया है. संपर्क पथ के किनारे की मिट्टी धंसने से पुल और सड़क की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गये हैं. समय रहते मरम्मत नहीं करायी गयी तो मुख्य सड़क के भी धंसने का खतरा बना हुआ है, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो सकता है.
निर्माण के कुछ माह बाद ही धंसा संपर्क पथ
साबड़ा पंचायत के साबड़ा और उदलबनी गांव को जोड़ने वाले इस पुल का शिलान्यास वर्ष 2018 में किया गया था. हालांकि पुल निर्माण के कई वर्षों बाद इसका संपर्क पथ वर्ष 2026 में पूरा हुआ. निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही महीनों बाद बारिश के दौरान संपर्क पथ का एक हिस्सा धंस गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार संपर्क पथ के किनारे सुरक्षा के लिए बनायी गयी गार्ड वॉल भी कमजोर होने के कारण पूरी तरह धंस गयी. इसके बाद सड़क के किनारे की मिट्टी तेजी से बहने लगी. इससे पुल के संपर्क पथ के साथ मुख्य सड़क के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है.
निर्माण में अनियमितता का आरोप
ग्रामीणों ने संपर्क पथ के निर्माण में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण पहली ही बारिश में सड़क का किनारा धंस गया और गार्ड वॉल भी टिक नहीं सकी.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कराने और क्षतिग्रस्त संपर्क पथ का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान यदि सड़क का बाकी हिस्सा भी धंस गया तो दर्जनों गांवों का आवागमन बाधित हो सकता है. साथ ही, इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








