Bokaro News : कब्जेधारियों के खिलाफ अभियान आज से

Updated at : 03 Mar 2025 12:46 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : कब्जेधारियों के खिलाफ अभियान आज से

Bokaro News : संपदा न्यायालय बोकारो इस्पात संयंत्र ने निकाली थी आम सूचना

विज्ञापन

Bokaro News : बोकारो में बीएसएल के क्वार्टर व जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सोमवार से अभियान शुरू होगा. संपदा न्यायालय बोकारो इस्पात संयंत्र ने शुक्रवार को ही इससे संबंधित आम सूचना निकाली थी. कहा था : संपदा न्यायालय बोकारो द्वारा पारित आदेशों के आलोक में संदर्भित बेदखली आदेशों के तहत अनधिकृत दखलकारों को सूचित किया जाता है कि अनाधिकृत प्लॉट/भूमि व आवासों को शीघ्र खाली कर दें. यह सूचना जारी होने के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा है.

अनधिकृत प्लॉट/भूमि व आवासों की सूची पहले ही समाचार पत्रों में प्रकाशित :

संपदा न्यायालय बोकारो इस्पात संयंत्र की ओर से जारी आम सूचना में कहा गया है संपदा बकाया राशि का भुगतान कर दें, अन्यथा इन्हें बेदखली प्रक्रिया के तहत हटा दिया जायेगा. किसी भी तरह की क्षति के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे. अनधिकृत प्लॉट/भूमि व आवासों की सूची पहले ही समाचार पत्रों में प्रकाशित हो चुकी है. इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप है. बीएसएल सूत्रों के अनुसार, अभियान को ले मजिस्ट्रेट की नियुक्ति हो चुकी है. इधर, प्रबंधन की ओर से भी सभी तरह की तैयारी पूरी कर ली गयी है.

अभियान के लिए बनी अधिकारियों की भारी भरकम टीम :

तीन से छह मार्च तक चलने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए नगर सेवा विभाग के अधिकारियों की भारी भरकम टीम तैयार की गयी है. अभियान में शामिल अधिकारियों की टीम में आलोक चावला, राजुल हलकरनी, एके सिंह, एके अविनाश, एमके सिन्हा, जितेंद्र कुमार, शैलेश श्रीवास्तव, शशांक शेखर, कौशल रजवार, अशोक कुमार, एसआर पात्रा, जयंत मिश्रा, ए डुंगडुंग, विनोद पॉल तिग्गा सहित अन्य अधिकारी व कर्मी शामिल होंगे.

कब्जे वाले आवासों को संपदा न्यायालय के माध्यम से कराया जा रहा है खाली :

बीएसएल आवासों की मैपिंग कार्य पूरा हो गया है. मैपिंग के दौरान चिह्नित कब्जे वाले आवासों की सूची तैयार की गयी है. सभी कब्जे वाले आवासों को संपदा न्यायालय के माध्यम से खाली कराया जा रहा है और उनका सामान भी जब्त किया जा रहा है. कई कब्जाधारी क्वार्टर खाली कर चुके हैं. कई इसकी तैयारी में जुटे हैं. उधर, बोकारो स्टील की जमीन पर जहां अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया जा रहा है, उन्हें तत्काल बीएसएल की ओर से रोका जा रहा है. अवैध निर्माण मामलों में संपदा न्यायालय द्वारा पूर्व में ही बेदखली का आदेश पारित : बीएसएल की जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण मामलों में संपदा न्यायालय द्वारा पूर्व में ही बेदखली आदेश पारित किया जा चुका है, उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है. अन्य मामलों में केस दायर कर उन्हें खाली कराया जा रहा है. अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है.

प्लॉटधारियों को पहले बकाया भुगतान/रिन्यूअल का नोटिस, फिर हो रही कार्रवाई :

उधर, जिन प्लॉटधारियों ने बकाया संपदा बिल का भुगतान नहीं किया है या प्लाट का रिन्यूअल नहीं कराया है, उनके खिलाफ अभियान और तेज किया गया है. पहले बकाया भुगतान/रिन्यूअल का नोटिस जारी किया जा रहा है. अनुपालन न होने पर लोक परिसर (बेदखली) अधिनियम के तहत प्लॉटधारियों पर कार्रवाई की जा रही है. आवश्यकता पड़ने पर प्लॉट कैंसिल कर उसका अधिग्रहण भी किया जा रहा है. आवंटित आवासों के बकाया संपदा बिल का भुगतान के लिए भी इसी तर्ज पर कार्रवाई की जा रही है.

बोकारो को अशांत करने की कोशिश : ढुलू महतो

बोकारो. धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने बोकारो इस्पात प्रबंधन द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. कहा : जान-बूझकर बोकारो को अशांत करने की कोशिश की जा रही है. बताया : इस मामले में बोकारो स्टील के निदेशक प्रभारी बीके तिवारी और उपायुक्त विजया जाधव से उनकी बातचीत हुई है. दोनों ने कहा : अतिक्रमण हटाने के इस मुद्दे पर उन्हें कोई जानकारी नहीं है. सांसद श्री महतो ने विशेष रूप से यह अपील की कि रोजी-रोजगार से जुड़े लोगों को परेशान न किया जाए. कहा : यदि बोकारो स्टील की परियोजना के लिए आवश्यकता हो, तो हम जमीन खाली कराने के लिए तैयार हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola