Bokaro News : शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की प्राप्ति का लिया संकल्प

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 07 Aug 2025 10:28 PM

विज्ञापन

Bokaro News : बीएसएल में ‘टुवर्ड्स जीरो हार्म’ की लक्ष्य प्राप्ति की थीम पर आयोजन सम्मेलन संपन्न, इस्पात उद्योग के सुरक्षा संबंधित पहलुओं पर प्रतिनिधि व विशेषज्ञों ने की गहन चर्चा.

विज्ञापन

बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट के ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में सुरक्षा अभियंत्रण विभाग के तत्वावधान में चल रहे ‘टुवर्ड्स जीरो हार्म’ की लक्ष्य प्राप्ति की थीम पर दो दिवसीय ‘अरिष्ट’ नामक राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन गुरुवार को हुआ. बीएसएल के अधिशासी निदेशक (सेल सेफ्टी आर्गेनाइजेशन) अनूप कुमार व अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं एवं अतिरिक्त प्रभार संकार्य) अनीष सेनगुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे. श्री कुमार व श्री सेनगुप्ता ने कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोपरि बताया. इस्पात उद्योग से जुड़े सुरक्षा पहलुओं में एक-दूसरे के साथ ज्ञान और अनुभव को साझा करते हुए शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की प्राप्ति का संकल्प सेमिनार में शामिल प्रतिनिधि व विशेषज्ञों ने लिया. जेएसडब्ल्यू स्टील, सीमेंस एनर्जी इंडिया लिमिटेड, वेसुवियस इंडिया लिमिटेड, टाटा स्टील व कोरईएचएस की ओर से इस्पात उद्योग के सुरक्षा संबंधित पहलुओं पर गहन चर्चा की गयी.

सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना, दूसरों को शिक्षित व जागरूक करना जरूरी

बीएसएल के वर्चुअल रियलिटी आधारित सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम, सुरक्षा नियमों का अनुपालन, शून्य हानि जैसे प्रयासों और प्रतिबद्धता के बारे में बताया गया. प्रतिनिधि व विशेषज्ञों ने सुरक्षा के प्रमुख कारकों व जागरूकता पर जोर दिया. कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना व दूसरों को भी शिक्षित व जागरूक करना आवश्यक है. टुवर्ड्स जीरो हार्म की लक्ष्य प्राप्ति के लिए अन्य प्रयासों के साथ-साथ संगठन में सुरक्षा सांस्कृतिक परिवर्तन की दिशा में भी आगे बढ़ाने पर बल दिया गया. बीएसएल में अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थर्मल इमेजिंग, डिजिटल सिमुलेशन, रोबोटिक संचालन व ठेकेदार सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली जैसे पहल की जा रही है.

स्टील प्लांट में सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान स्टील प्लांट में सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. बता दें कि सम्मेलन के पहले दिन के प्रथम सेशन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गांधीनगर के सेंटर ऑफ सेफ्टी एक्सीलेंस के प्रमुख जगदीश वीके द्वारा भारत में उन्नत अग्नि सुरक्षा के लिए वीआर-एआर आधारित प्रशिक्षण और खतरों का अनुकरण विषय पर व रीजनल लेबर इंस्टिट्यूट, कोलकाता के निदेशक रविंद्र पी भावे द्वारा प्रौद्योगिकी और स्मार्ट पीपीई के बारे चर्चा की गयी. दूसरे सेशन के दौरान सीमेंस लिमिटेड, टाटा स्टील, एमएन दस्तूर, डीप नेट एनालिटिक्स व राउरकेला स्टील प्लांट द्वारा विविध सुरक्षा संबंधित विषयों पर प्रस्तुतीकरण किया गया.

सम्मलेन में सेल के विभिन्न संयंत्रों के साथ टाटा स्टील, जेएस डब्ल्यू स्टील लिमिटेड, सीमेंस एनर्जी इंडिया, एबीबी, डीप नेट एनालिटिक्स, एमएन दस्तूर, वेसुवियस इंडिया लिमिटेड, कोर इएचएस सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधि व विशेषज्ञ शामिल हुए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola