ePaper

Bokaro News : मंडलकारा के समीप अतिक्रमण हटाकर बनायें चहारदीवारी : उपायुक्त

Updated at : 10 Jul 2025 11:27 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : मंडलकारा के समीप अतिक्रमण हटाकर बनायें चहारदीवारी : उपायुक्त

Bokaro News : उपायुक्त ने मंडलकारा सुरक्षा समिति की बैठक की, सीसीटीवी फुटेज का बैकअप एक माह तक रखने का निर्देश.

विज्ञापन

बोकारो, उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को चास मंडलकारा स्थित कार्यालय कक्ष में मंडलकारा सुरक्षा समिति की बैठक की. उपायुक्त ने मंडलकारा के समीप अवैध अतिक्रमण को हटाकर चारों ओर चाहरदीवारी का निर्माण कराये जाने का निर्देश दिया. अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर चास अंचलाधिकारी को निर्देश दिया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने पर विशेष जोर दिया.

साफ-सफाई व नियमित निगरानी सुनिश्चित करें

उपायुक्त ने जेल अधीक्षक जेलर को मंडलकारा परिसर व सभी वार्डों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही कैदियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाएं रखने का निर्देश दिया.

परिसर में हाइ मास्क लाइट, जैमर लगाएं

मंडलकारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उपायुक्त ने दो हाइ मास्क लाइट लगाने, मोबाइल नेटवर्क बाधित करने के लिए जैमर का अधिष्ठापन करने, सभी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और उनके फुटेज का कम-से-कम एक माह तक बैकअप रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.

पेड़ों की टहनियों – झाड़ियों की करें छटाई

उपायुक्त ने मंडलकारा के आसपास बड़े पेड़ों की टहनियों व झाड़ियों की वन प्रमंडल विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल छटाई कराने समेत असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया.

भोजन की गुणवत्ता का लिया जायजा

बैठक के बाद डीसी श्री झा व एसपी हरविंदर सिंह ने मंडलकारा परिसर का निरीक्षण किया. कैदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन का रसोई घर जाकर गुणवत्ता का जायजा लिया. द्वय पदाधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता सुनिश्चित करने की बात कहीं. उपायुक्त ने कहा कि मंडलकारा में किसी भी तरह की सुरक्षा चूक नहीं हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी सतर्कता बनाए रखें. समय-समय पर प्रतिवेदन जिला को समर्पित करेंगे.

इससे पूर्व डीसी-एसपी का जेल अधीक्षक अनुभाग द्वारा स्वागत किया गया. वहीं, पुलिस जवानों द्वारा उपायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. मौके पर अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, सिविल सर्जन डॉ प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार व अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola