Bokaro News : ईंट भट्ठे के लिए ली रकम लौटाने में आनाकानी करने पर हुई थी सुमित महतो की हत्या

Bokaro News : पिंड्राजोरा के बहादुरपुर टोला मानटांड़ में तीन मई की रात गला घोंट की गयी थी बांग्ला ईंट भट्ठा मालिक की हत्या, बहादुरपुर का विश्वजीत राय उर्फ सचिन व चास रामनगर कॉलोनी का कुमार सौरव गिरफ्तार, दो फरार, विश्वजीत ने दो साल पूर्व सुमित महतो को दिये थे 12 लाख रुपये
पिंड्राजोरा, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर टोला मानटांड़ में तीन मई की रात हुई बांग्ला ईंट भट्ठा मालिक व जमीन कारोबारी 35 वर्षीय सुमित कुमार महतो की हत्या का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है. तेलीडीह बस्ती के सुमित का शव एक घर में मिला था. इस हत्याकांड में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों में विश्वजीत राय उर्फ सचिन व कुमार सौरव शामिल हैं. दो अन्य फरार हैं. पुलिस के अनुसार, ईंट भट्ठे के लिए ली गयी रकम लौटाने में आनाकानी करने पर सुमित महतो की हत्या गमछा और नारियल रस्सी से गला घोंट कर की गयी थी.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि सुमित की हत्या पैसे के लेनदेन में की गयी. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसपी श्री स्वर्गियारी ने बताया कि चार मई की सुबह करीब सात बजे पिंड्राजोरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बहादुरपुर मानटांड़ में सुमित कुमार महतो की हत्या उसके ही घर में गला दबाकर कर दी गयी है. मृतक के भाई अनिल कुमार महतो की लिखित शिकायत पर अज्ञात अपराधी के विरुद्ध पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या-103/25 दर्ज किया गया. हत्याकांड के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर प्रवीण कुमार सिंह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चास के नेतृत्व में एक दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने डॉग स्क्वायड, तकनीकी शाखा, एफएसएल के सहयोग एवं सूचना के आधार पर कांड का उद्भेदन करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया. दो अन्य आरोपियों की धर-पकड़ के लिए कार्रवाई चल रही है. गिरफ्तार आरोपियों में विश्वजीत राय (26 वर्ष) पिता स्व. रंजीत राय ग्राम बहादुरपुर थाना पिंड्राजोरा और कुमार सौरव (32 वर्ष) पिता स्व. विनोद कुमार रामनगर कॉलोनी पुराना बांध चास ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में हत्या की बात कबूल करते हुए प्रयुक्त सामग्री का भी उल्लेख किया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे.आरोपी विश्वजीत ने लगाया अमानत में खयानत का आरोप
आरोपी विश्वजीत राय ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि सुमित कुमार महतो ने दो वर्ष पूर्व ईंट भट्ठा व्यवसाय के नाम पर उससे 12 लाख रुपये लिये थे. पैसे के एवज में सुमित ने प्रत्येक ईंट पर दो रुपये देने की बात कही थी. बाद के दिनों में सुमित महतो ना ही हिसाब दे रहा था, ना पैसा ही वापस कर रहा था. हिसाब मांगने पर बराबर टालमटोल कर रहा था. घटना से एक दिन पूर्व पैसे मांगने पर उसने गाली-गलौज की. शाम में अपने दोस्त के साथ आकर बहादुरपुर स्थित घर के शटर पर जोर-जोर से लात मारने लगा और भद्दी-भद्दी गालियां देकर पैसा नहीं देने की बात कही. इसी बात से नाराज होकर विश्वजीत ने अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनायी. तीन मई की रात वह सुमित के घर जाकर गमछा व नारियल की रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार सिंह, चास मुफस्सिल सर्किल इंस्पेक्टर रूपेश कुमार राणा, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन, पुअनि विवेक कुमार पांडेय, पुअनि अनिकेत कुमार, उदय शंकर शर्मा, धीरज उरांव, शुभम कुमार गोप, अनिल कुमार यादव, पुष्पराज कुमार, सअनि राजकिशोर सिंह, आरक्षी नंदलाल दास, राजेंद्र गुड्डू, विमल कुमार महतो, धनंजय सिंह.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




