ePaper

Bokaro News : भाईचारे-सौहार्दपूर्ण माहौल में मनायें मुहर्रम

Updated at : 03 Jul 2025 11:10 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : भाईचारे-सौहार्दपूर्ण माहौल में मनायें मुहर्रम

Bokaro News : समाहरणालय सभागार में हुई जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, निर्धारित रूट व तय समय पर ही निकलेंगे जुलूस, ताजिया की ऊंचाई 12 फिट से ऊपर नहीं, सभी समिति सदस्यों की विवरणी थानों में हो उपलब्ध.

विज्ञापन

बोकारो, समाहरणालय सभागार में छह जुलाई को मुहर्रम को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक गुरुवार को हुई. विधि व्यवस्था संधारण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान विशेष शाखा द्वारा जिलों को बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गयी. बैठक की अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा व पुलिस एसपी हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से किया. डीसी ने जिलावासियों से आपसी भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की. उन्होंने आमजनों से सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक खबर का प्रसार नहीं करने की बात कहीं. वहीं, एसपी ने जिलावासियों से शांति पूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की.

डीसी व एसपी ने क्रमवार सभी अंचलों-थानों में शांति समिति की बैठक की जानकारी ली. सभी ने कहा कि शांति समिति की बैठक कर ली गयी है. समिति सदस्यों का विवरण, समाज के सम्मानित लोगों का संपर्क नंबर आदि प्राप्त कर लिया गया है. द्वय पदाधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों-मुहल्लों पर विशेष निगरानी रखने-सर्तक रहने को कहा. छोटी सी छोटी घटना की अविलंब सूचना अपने वरीय पदाधिकारी को देना सुनिश्चित करेंगे. डीसी ने बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकालने का निर्देश दिया. कहा कि जिले में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल उपलब्ध है, सभी की प्रतिनियुक्ति कर दी जाएगी. दंडाधिकारी एवं पुलिस बल समन्वय के साथ प्रतिनियुक्त स्थल पर तैनात रहेंगे. सभी अलर्ट मोड में रहते हुए अपने दायित्वों का निष्पादन करेंगे. निर्धारित एसओपी का अनुपालन करेंगे. डीसी व एसपी ने इस बात को सुनिश्चित करने को कहा कि पूर्व से निर्धारित रूट एवं तय समय पर ही जुलूस निकले तथा संपन्न हो. सुरक्षा कारणों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी ताजिया की ऊंचाई 12 फीट से ऊपर नहीं हो. चास एवं बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी को समितियों को लाइसेंस जारी करने के क्रम में ही इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा.

ड्रोन-वीडियो कैमरों से होगी निगरानी, एसओपी का करेंगे अनुपालन

वहीं, जुलूस का वीडियो रिकॉर्डिंग हो, आवश्यकतानुरूप सीसीटीवी-ड्रौन कैमरे से भी निगरानी करें. अनुमंडल पदाधिकारियों को उपद्रवियों को चिन्हित करते हुए बीएनएस की धारा 126 की कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करने को कहा. पर्व को देखते हुए जिला कंट्रोल रूम के साथ अनुमंडल कंट्रोल रूम एवं अस्थायी मिनी कंट्रोल रूम भी संचालित किया जाएगा. सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी के लिए जिला टीम को सक्रिय करने एवं स्थानीय स्तर पर भी इसकी निगरानी करने को द्वय पदाधिकारियों ने कहा. वाट्सएप समूह के एडमिन एवं संबधित समूह के सदस्य बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक खबर का प्रसार नहीं करेंगे, ऐसा करने पर उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वाट्सएप समूह को ओनली फाॅर एडमिन करने के लिए प्रेरित करने को कहा. उत्पाद विभाग को क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाने विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में नजर रखने एवं मुहर्रम को लेकर जिले के सभी शराब दुकानों को बंद रखना सुनिश्चित करने को कहा. सिविल सर्जन को को अलर्ट मोड में रहते हुए सभी चिकित्सकों को आन ड्यूटी रहने, एबुलेंस, मेडिकल टीम आदि की व्यवस्था करने को कहा.

सभी फोन कॉल को करें रिसीव

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने सभी सिविल-पुलिस पदाधिकारियों को अपने फोन कॉल को रिसीव करने का निर्देश दिया. अगर कोई कॉल छूट जाता है, तो कॉल बैक कर बात करें. हो सकता है कि कोई जरूरी सूचना-इनपुट देने के लिए आपसे कोई संपर्क कर रहा हो. इसलिए इसे गंभीरता से लेने की बात कहीं. वहीं, एसी मो मुमताज अंसारी ने विशेष शाखा से प्राप्त इनपुट एवं बरती जाने वाली सावधानियों से सभी सिविल एवं पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया. कहा कि जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं होगा. किसी अन्य माध्यम से कोई भी भड़काऊ गाने का इस्तेमाल नहीं करेगा. इसके अलावा कई अन्य बातों पर भी चर्चा कर जरूरी दिशा-निर्देश दिया.

चार अतिरिक्त मिनी कंट्रोल स्थापित

बैठक में बताया गया कि मुहर्रम को लेकर समेकित जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष संख्याः 06542 -223705/ 223475/ 100 एवं 112) के अलावा चार अतिरिक्त मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया. सभी के वरीय पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए है. मिनी कंट्रोल रूम क्रमशः मिनी नियंत्रण कक्ष सिवनडीह, मिनी नियंत्रण कक्ष रितुडीह, मिनी नियंत्रण कक्ष बेरमो थाना (दूरभाष संख्याः 06549- 230674) व मिनी नियंत्रण कक्ष अनुमंडल कार्यालय बेरमो में स्थापित होंगे. आमजन भी नियंत्रण कक्ष में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी साझा कर सकते हैं, प्रशासन त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.

ये थे मौजूद

मौके पर डीपीएलआर मेनका, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, सिविल सर्जन डाॅ एबी प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अनिमेश कुमार गुप्ता, एसडीओ बेरमो तेनुघाट अशोक कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता वंदना शेजवलकर, डीपीआरओ रवि कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चास-बेरमो,सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola