बोकारो में सक्रिय है बिहार का कोढ़ा के साथ महाराष्ट्र का वासवानी व उड़ीसा का दास गैंग, करते हैं चेन स्नैचिंग

Updated:
विज्ञापन
बोकारो में सक्रिय है बिहार का कोढ़ा के साथ महाराष्ट्र का वासवानी व उड़ीसा का दास गैंग

बोकारो में चेन स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले कोढ़ा, वासवानी और दास गैंग के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज किया. सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील.

विज्ञापन

रंजीत कुमार, बोकारो

बोकारो में 12 मई से 13 जुलाई के बीच तीन चेन स्नेचिंग व डिक्की से कैश उडाने की घटना ने बोकारो के लोगों को परेशान कर दिया है. घटना में बिहार के कटिहार जिला के कोढा गैंग, महाराष्ट्र के वासवानी गैंग व उडीसा के दास गैंग के हाथ होने की बात सामने आयी है. बोकारो पुलिस ने सक्रियता बरतते हुए वासवानी गैंग के एक व दास गैंग के एक सदस्य को जेल के पीछे पहुंचा दिया है. इसके बाद भी चेन स्नेचिंग की घटना रूकी नहीं है. फिलहाल बिहार के कोढा गैंग पुलिस की पकड से दूर है.

कोढ़ा गैंग के सदस्यों का असली ठिकाना बिहार का कटिहार है. अपराध करने के बाद कोढा गैंग के अपराधी सीधे बिहार चले जाते है. अपराध करने के बाद स्थानीय स्तर पर नहीं रूकते है. वासवानी गैंग के सदस्य महाराष्ट्र से आकर बिहार के गयाजी को अस्थायी ठिकाना बना रखा है. इस गैंग के सदस्य बिहार से बाइक लेकर झारखंड आते है. विभिन्न जिलों में छिनतई की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से ही गयाजी लौट जाते है. छिनतई के सामान को गयाजी में खपाते है. यही स्टाइल उडीसा के दास गैंग का है. इस गैंग के सदस्यों का अस्थायी ठिकाना झारखंड का रांची बना हुआ है. इस गैंग के सदस्य झारखंड के विभिन्न जिलों में छिनतई की घटना को अंजाम देने के बाद रांची लौट जाते है. छिनतई के बाद सामान को रांची में खपाते है. फिलहाल पुलिस के रडार पर तीनों गैंग के सदस्य है.

बिना पुलिस वैरीफिकेशन के नहीं दें आवास : सिटी डीएसपी

एसपी नाथू सिंह मीणा लगातार बोकारोवासियों से अपील कर रहे है. कहा है कि आवास के मालिक किराया पर आवास देने में सावधानी बरतें. बिना पुलिस वैरीफिकेशन के आवास किसी भी व्यक्ति को नहीं दे. थोडे से किराया के लालच में बिना कागजी कार्रवाई के आवास किराया पर देना भारी पड सकता है. आवास में रहनेवाला व्यक्ति अपराधिक प्रवृति के होने पर खामियाजा आवास के असली मालिक को भुगतना पड सकता है. पुलिस वैरीफिकेशन के साथ-साथ किरायेदार का आधार कार्ड व आवास दिलानेवाले व्यक्ति का ब्यौरा निश्चित रूप से अपने पास रखें. नजदीकी थाना को भी एक कॉपी उपलब्ध कराये. ताकि क्राइम को रोका जा सके. सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

अपराध करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती है. तीनों गैंग का सफाया कर दिया जायेगा. एसआइटी मामले की जांच कर रही है. जल्द ही सभी जेल में होंगे. - नाथू सिंह मीणा, एसपी, बोकारो

केस स्टडी - एक

16 मई 2026 : सेक्टर चार : महाराष्ट्र का भारत चेन छिनतई के मामले जेल में

12 मई की रात को सीआइडी के एक वरीय अधिकारी की ननद से सिटी सेंटर में चेन छिनतई हुई. छिनतई करनेवाला युवक बाइक फिसल जाने के कारण मौके से सेक्टर चार इंस्पेक्टर संजय कुमार ने गिरफ्तार किया. पहचान महाराष्ट्र निवासी भारत गुरूदास वासवाणी के रूप में हुई. भारत एक अपराधिक गैंग से जुडा है. महाराष्ट्र के अमरावती सहित कई जिलों में चोरी-छिनतई सहित कई गंभीर अपराध करनेवाला गैंग का भारत सदस्य है. गैंग के कई सदस्य इन दिनों अपने परिवार के साथ बिहार के गया में डेरा डाले हुए है. गैंग के बाइकर्स सदस्य बिहार व झारखंड के कई शहरों में घूम रहे है. भारत बाइक (बीआर02बीजेड - 8727) से बिहार के गया से झारखंड के बोकारो सहित विभिन्न जिलों में चेन छिनतई की घटना को अंजाम देता था.

केस स्टडी - दो

12 जुलाई : बीएस सिटी : युवक के गले से उठाया सोने का चेन

बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर टू सी जैन मंदिर के समीप दिन दहाडे 12 जुलाई को एक युवक के गले से बाइक सवार दो उच्चकों ने सोने की चेन झपट कर फरार हो गया. हो-हल्ला के बाद भी बाइक सवार उच्चके पकड में नहीं आ सके. भुक्तभोगी सेक्टर दो निवासी अभिषेक यादव है. बीएस सिटी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास ने जांच पडताल शुरू की. सीसीटीवी के माध्यम से बाइक की पहचान कर ली गयी. लेकिन बाइक सवार पुलिस पकड से दूर है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है. एसआइटी का गठन कर दिया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे.

केस स्टडी - तीन

13 जुलाई : सेक्टर चार : महिला के गले से उडाया 10 ग्राम के सोने की चेन

सेक्टर चार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट में बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला कनक लता सिन्हा के गले से 10 ग्राम के सोने के चेन झपट कर भाग निकला. घटना दिन-दहाडे भरे बाजार में हो गयी. हो-हल्ला करने पर भी बाइक सवार उच्चके पकड में आये. बोकारो जेनरल अस्पताल की ओर बाइक से भाग निकले. जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को देखकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया. घटना स्वांग (गोमिया) निवासी संजय कुमार सिन्हा (58 वर्ष) की पत्नी के साथ घटी. इंस्पेक्टर संजय कुमार मामले की खुद जांच कर रहे हैं.

केस स्टडी - चार

13 जुलाई 2026 : चास : बुजुर्ग से कैश उडाने में कोढा गैंग की पहचान

सात जुलाई को चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के समीप एक व्यक्ति की बाइक की डिक्की तोड़कर साढे तीन लाख उड़ा लिया गया. एसपी नाथू सिंह मीणा की एसआइटी ने एएसपी वेदांत शंकर के नेतृत्व में जांच-पडताल शुरू की. मामले में बिहार के कटिहार जिला के कोढा गैंग के दो युवक निरो उर्फ निरेंद्र बनजारा व राजा ग्लावा उर्फ अरमान ग्वाला का नाम सामने आया. 12 जुलाई को दोनों आरोपियों के आवास पर बोकारो पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान बोकारो पुलिस ने बुजुर्ग से लूटे गये साढे तीन लाख बरामद कर लिया. लेकिन दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस पकड से दूर है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन