Jharkhand : रामगढ़ के बाद बोकारो में भी हर घर पहुंच गयी बिजली, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया एलान

Updated at : 10 Oct 2018 6:15 PM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand : रामगढ़ के बाद बोकारो में भी हर घर पहुंच गयी बिजली, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया एलान

पेटरवार: मुझे आज भी वह पल याद है, जब चंदनकियारी की एक बहन ने कहा था: आप तो पंखा में रहते हैं. हम सब यहां बिजली के बिना नारकीय जीवन जीने को विवश हैं. उसी दिन मैंने संकल्प लिया था कि लोगों की इस पीड़ा को मैं जरूर दूर करूंगा. वो दिन था और आज […]

विज्ञापन

पेटरवार: मुझे आज भी वह पल याद है, जब चंदनकियारी की एक बहन ने कहा था: आप तो पंखा में रहते हैं. हम सब यहां बिजली के बिना नारकीय जीवन जीने को विवश हैं. उसी दिन मैंने संकल्प लिया था कि लोगों की इस पीड़ा को मैं जरूर दूर करूंगा. वो दिन था और आज का दिन है, जब चंदनकियारी के 65 बिजलीविहीन गांव के हर घर तक बिजली पहुंच गयी. साथ ही बोकारो जिला का प्रत्येक घर पूर्ण रूप से विद्युत से आच्छादित हो गया. रामगढ़ के बाद बोकारो झारखंड का दूसरा पूर्ण विद्युतीकृत जिला बन गया.

ये बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को कहीं. श्री दास यहां हाई स्कूल मैदान पेटरवार में आयोजित विकास मेला के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना एवं सौभाग्य योजना अंतर्गत बोकारो जिला के शत-प्रतिशत घरों में पूर्ण विद्युतीकरण के कार्य की घोषणाकी. 571 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन करते हुए रघुवर दास ने कहा कि वर्ष 2021 तक बिजली के मामले में झारखंड आत्मनिर्भर बन देश को प्रकाशमान करेगा.

उन्होंने कहा कि आध्यत्मिक पर्व का शुभारंभ हो चुका है. इस अवसर पर जनजीवन को ऊर्जा प्रदान करने और बोकारो को ऊर्जावान जिला यानी ऊर्जा से आच्छादित जिला घोषित करते हुए आत्मिक खुशी हो रही है. जनसहयोग से राज्य सरकार ने बिजली के क्षेत्र में लंबी लकीर खींच दी है.

बिजली और सड़क होगी तो विकास होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 35 हजार करोड़ रुपये राज्य की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने में खर्च कर रही है. 20 हजार करोड़ ग्रामीण विद्युतीकरण हेतु व्यय हो रहे हैं. 15 हजार करोड़ ग्रिड निर्माण में वहन हो रहा है. राज्य सरकार ने 30 लाख विद्युतविहीन घरों में से 23 लाख घरों तक बिजली पहुंचा दी. जो कार्य 67 साल में नहीं हुआ, वह हमने साढ़े तीन साल में पूरा किया. 247 सुदूरवर्ती क्षेत्र में रह रहे अनुसूचित जाति व जनजाति के घरों तक सोलर लाइट से आच्छादित किया.

आजादी के बाद यह पहला अवसर है, जब आजादी के 67 साल बाद 80 ग्रिड का निर्माण हो रहा है. 67 साल में सिर्फ 38 ग्रिड का निर्माण हो सका था. उन्होंने कहा कि पतरातू में 4 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता के संयंत्र का निर्माण हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 के मई-जून तक हम विद्युत की और बेहतर व्यवस्था देने में सक्षम होंगे. आगामी 15 नवंबर को राज्य के अन्य 5 जिलों को पूर्णतया विद्युत से आच्छादित जिला घोषित किया जायेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजना किसानों, उद्यमियों और आम जनता के लिए अलग-अलग फीडर की व्यवस्था की है. इसके लिए लगातार कार्य हो रहा है. सभी को उनकी जरूरत के अनुरूप बिजली दी जायेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में तिलका मांझी कृषि योजना लागू होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खुले में शौच से मुक्त राज्य बनने की ओर अग्रसर है. 15 नवंबर को राज्य पूर्ण रूप से खुले में शौच से मुक्त बनेगा. उन्होंने कहा कि स्वच्छता से स्वास्थ्य की ओर हमें बढ़ना है, इसके लिए सभी को आगे आने की जरूरत है. सम्मिलित प्रयास से ही हमारा यह सपना परिलक्षित होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘अपना गांव, स्वस्थ गांव’, ‘अपना शहर, स्वस्थ शहर’ की अवधारणा के साथ काम करना है. बुनियादी स्वास्थ्य की समस्या से देश की जनता जूझ रही थी. लेकिन आयुष्मान भारत योजना संजीवनी बन कर आयी और देश के जरूरतमंद लोगों को आयुष्मान बना दिया. राज्य सरकार झारखंडके 85 प्रतिशत लोगों को इस योजना का लाभ दे रही है. जल्द ही बचे हुए 15% लोग योजना का लाभ ले सकेंगे.

बूढ़ा पहाड़ और सारंडा में उग्रवाद समाप्त, अब सफेदपोश अपराधियों की बारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के बूढ़ा पहाड़ और सारंडा जंगल से नक्सलियों का अस्तित्व समाप्त हो चुका है. जन सहयोग से ही यह संभव हो पाया. अब सफेदपोश अपराधियों की बारी है. उनके खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया जायेगा. जो भी विकास विरोधी शक्तियां हैं, वह संभल जाये. भ्रष्टाचार पर सरकार सख्त है, जिसका परिणाम है कि अब तक करीब 350 भ्रष्टाचारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के हत्थे चढ़ चुके हैं.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 252 सखी मंडल के बीच 37.80 लाख का व 358 महिला मंडल को बैंक लिंकेज के तहत 3.58 करोड़ का चेक सौंपा. उग्रवादी हिंसा में मारे गये लोगों के परिजनों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा. नियुक्ति पत्र पाने वालों में बेरमो के खेमलाल कुमार को शिक्षा विभाग, श्यामलाल पटेल को स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति संबंधी पत्र सौंपा.

श्रीमती राधिका देवी को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के साथ ही, बोकारो को पूर्ण विद्युतीकरण जिला घोषित होने के पीछे शामिल लोगों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया. श्री दास ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ देते हुए पेटरवार के दशरथ महतो को 23,782 रुपये का चेक सौंपा. बोकारो के उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल को भी संपूर्ण विद्युतीकरण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य में तीव्र गति से विकास कार्य हो रहे हैं. बोकारो में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण से उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

इस अवसर पर गिरिडीह सांसदरवींद्र कुमार पांडेय, धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बोकारो के विधायक विरंची नारायण, गोमिया की विधायक बबीता देवी, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, बेरमो विधायक योगेश्वर महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा देवी, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण नायक, प्रधान सचिव ऊर्जा विभाग नितिन मदन कुलकर्णी, झारखंड बिजली वितरण निगम के एमडी राहुल पुरवार, पुलिस उप महानिरीक्षक कोयला क्षेत्र प्रभात कुमार, उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल, पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस, उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा सहित जिला के सभी गणमान्य व्यक्ति, पुलिस एवं प्रशासन के लोग के साथ अपार जनसमूह की उपस्थित थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola