15 हजार की रिश्वत पड़ गई भारी, ACB ने बंदगांव थाना प्रभारी को रंगे हाथ पकड़ा
थाना प्रभारी मनीष कुमार
पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के बाद की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
चाईबासा से अनिल तिवारी की रिपोर्ट
आपके शहर में
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारी पर आरोप है कि वह थाने में दर्ज एक मुकदमे में मदद करने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था. ACB की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB से की थी. शिकायतकर्ता का आरोप था कि थाने में दर्ज एक मुकदमे में मदद करने के बदले उससे पैसे की मांग की जा रही है.
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया. शिकायत सही पाए जाने के बाद ब्यूरो की टीम ने आरोपी पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई.
15 हजार रुपये लेते ही टीम ने दबोचा
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी अधिकारी के पास भेजा गया. गुरुवार को करीब दोपहर 1:30 बजे जैसे ही थाना प्रभारी ने 15 हजार रुपये की रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया.
टीम ने आरोपी के पास से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
थाना प्रभारी स्तर के पुलिस अधिकारी की रिश्वत लेते गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पश्चिमी सिंहभूम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. ACB की कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज कर दी है.
एसपी ने कहा- आरोप सही मिले तो होगी विभागीय कार्रवाई
मामले को लेकर पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने कहा कि उन्हें ACB की कार्रवाई की सूचना मिली है और मामले की जानकारी ली जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि ACB की कार्रवाई हुई है और आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.
ACB की ओर से की गई कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पर नजर है. आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By वैभव विक्रम
वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए