वैशाली में 11 माह बाद भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण, जर्जर मार्ग से राहगीर परेशान
Published by : Vivek Pandey Updated At : 04 Jun 2026 8:54 AM
Hajipur News:वैशाली जिले के देसरी से मटिया ढाला तक की सड़क गड्ढों में तब्दील, लगा बोर्ड बना शोपीस, पढ़िए पूरी खबर नीचे.
Hajipur News: (मनोहर कुमार) मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत देसरी प्रखंड के देसरी कॉपरेटिव भवन के पास से अर्जुन पटेल के घर होते हुए मटिया ढाला तक जाने वाली 1.74 किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि यह अब गड्ढों में तब्दील नजर आती है. हैरानी की बात यह है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का बोर्ड लगाए 11 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है.
14 जुलाई 2025 से शुरू होना था निर्माण कार्य
सड़क किनारे लगाए गए सूचना बोर्ड के अनुसार मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम में इस सड़क का निर्माण कराया जाना है. योजना के तहत देसरी गांव में अर्जुन पटेल के घर से मटिया ढाला तक 1.74 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग 1 करोड़ 70 लाख 25 हजार 579 रुपये की प्राक्कलित राशि स्वीकृत की गई है. बोर्ड में निर्माण कार्य की प्रारंभ तिथि 14 जुलाई 2025 अंकित है, लेकिन 11 माह गुजर जाने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हो पाया है.
स्कूली वाहनों और आम लोगों को हो रही परेशानी
यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, जिससे प्रतिदिन कई विद्यालयों के वाहन गुजरते हैं. इसके अलावा सहदेई बुजुर्ग प्रखंड की कई पंचायतों के लोग हाजीपुर एवं अन्य स्थानों पर आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. सड़क कई स्थानों पर धंस चुकी है तथा पिच पूरी तरह उखड़कर गिट्टियों में तब्दील हो गई है.
हर समय बना रहता है दुर्घटना का खतरा
सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बाइक और ऑटो चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. थोड़ी सी असावधानी होने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. राहगीरों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है.
ग्रामीणों ने की शीघ्र निर्माण की मांग
समाजसेवी विमल सिंह, पैक्स अध्यक्ष अभिषण सिंह, सतीश सिंह, रत्नेश कुमार सिंह तथा पूर्व मुखिया दिलीप सिंह समेत कई ग्रामीणों ने ग्रामीण कार्य विभाग से अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि वर्षों से लोग जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे हैं और अब स्वीकृति मिलने के बाद भी कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










