हत्या मामले में दो अपराधी गिरफ्तार
Updated at : 28 Aug 2016 12:49 AM (IST)
विज्ञापन

सफलता . 50 लाख रुपये रंगदारी देने से इनकार करने पर लोहा व्यवसायी को मारी थी गोली हाजीपुर : नगर के लोहा व्यवसायी नवल किशोर सिंह को गोली मारनेवाले दोनों शातिर अपराधी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गये. पुलिस ने दोनों को मोबाइल लोकेशन के आधार पर सदर थाना क्षेत्र से एकारा गांव के समीप […]
विज्ञापन
सफलता . 50 लाख रुपये रंगदारी देने से इनकार करने पर लोहा व्यवसायी को मारी थी गोली
हाजीपुर : नगर के लोहा व्यवसायी नवल किशोर सिंह को गोली मारनेवाले दोनों शातिर अपराधी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गये. पुलिस ने दोनों को मोबाइल लोकेशन के आधार पर सदर थाना क्षेत्र से एकारा गांव के समीप से धर दबोचा. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्तौल, एक कट्टा, सात कारतूस, दो मोबाइल और एक अपाची बाइक बरामद की है. एसपी राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार इमरान नगर थाना क्षेत्र के बागदुल्हन मोहल्ले का, जबकि दूसरा पप्पू राय वैशाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलका का रहनेवाला है. पप्पू का पूर्व से ही अपराधिक इतिहास रहा है. वह मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में हुए एक लूटकांड और जिले के भगवानपुर थाना कांड संख्या 146/14 में नामजद अभियुक्त है.
पहले मांगी 50 लाख रंगदारी फिर मारी थी गोली : सदर थाना क्षेत्र में स्टेशन चौक पर स्थित रिंकी स्टील आयरन के मालिक नवल कुमार सिंह से अपराधियों ने बीते 15 जुलाई को फोन पर 50 लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी. इस संबंध में व्यवसायी ने नगर थाने में कांड संख्या 488/16 के तहत 17 जुलाई को अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. व्यवसायी द्वारा रंगदारी देने से इंकार किये जाने पर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक अगस्त को उसे गोली मार दी थी. इस संबंध में सदर थाने में कांड संख्या 269/16 के तहत बाइक सवार दो अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
रंगदारी के लिए नौ बार किये थे फोन : अपराधियों ने लोहा व्यवसायी से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के सिलसिले में नौ बार फोन किये थे. पुलिस द्वारा पूछताछ से इस बात का खुलासा हुआ कि गिरफ्त में आये इमरान ने आठ बार, जबकि उसका साथी चंदन कुमार ने एक बार फोन कर रंगदारी की मांग की थी. चंदन फिलवक्त जेल में हैं. पुलिस उसे एक पेट्रोल पंप पर हुए लूटकांड में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. गिरोह का एक सदस्य मुन्ना मियां लूट और अपहरण मामले का अभियुक्त है. वह पुलिस के गिरफ्त में नहीं आया है.
एक चूक से दबोचे गये दोनों अपराधी : पुलिस से बचने के लिए अपराधी हर बार मोबाइल व सिम बदल कर व्यवसायी को फोन करते थे. अपराधी रंगदारी की मांग के लिए चोरी अथवा छीने गये मोबाइल का उपयोग करते थे. इसके कारण पुलिस के हाथ अपराधियों तक नहीं पहुंच पा रहे थे. इमरान ने भूलवश चोरी के एक मोबाइल में अपना सिम लगा कर एक फोन किया था. उसकी इसी चूक ने गठित टीम के रडार पर उसे ला दिया और वह पकड़ा गया.
पुरस्कृत होंगे टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मी : लोहा व्यवसायी से रंगदारी मांगने और गोली मारकर जानलेवा हमला करनेवाले दोनों अपराधियों को पकड़नेवाली टीम को पुरस्कृत किया जायेगा. एसपी ने बताया कि डीआइयू के प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिलीप कुमार के नेतृत्व में भगवानपुर के थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, गोरौल के थानाध्यक्ष दिलीप कुमार, वैशाली के थानाध्यक्ष सुमन कुमार, सदर थाने के अवर निरीक्षक राकेश रंजन और नगर थाने के अवर निरीक्षक रंजीत कुमार व सशस्त्र बलों की एक टीम गठित की गयी थी. टीम में शामिल सभी पुलिस कर्मियों को एसपी स्तर से पुरस्कृत किया जायेगा. साथ ही सोनपुर मेला अवार्ड के लिए पुलिस मुख्यालय को अनुशंसा पत्र भेजा जायेगा.
चोरी की निकली बाइक : अपराधियों के पास से जब्त अपाची बाइक चोरी की निकली. इमरान ने इसी बाइक से आकर लोहा व्यवसायी को गोली मारी थी. पुलिस बाइक के असली मालिक की पहचान के लिए परिवहन विभाग से संपर्क बनाये हुई है.
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज : सदर थाने में कांड संख्या 314/16 के तहत शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी. इमरान, पप्पू राय, चंदन कुमार और मुन्ना मियां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. फिलवक्त मुन्ना मियां फरार है. पुलिस उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उक्त अभियुक्तों के खिलाफ भादवि की धारा 414,25(1-बी), ए 26/35 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गयी है.
दो पिस्टल, सात गोलियां, दो मोबाइल व एक बाइक बरामद
पकड़े गये अपराधियों के साथ एसपी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी.
पुलिस को भ्रमित करने के लिए बदलते रहे लोकेशन
व्यवसायी से रंगदारी मांगने के दौरान अपराधी अपना लोकेशन बदल-बदल कर फोन किया करते थे. इस दौरान अपराधियों ने गोहाटी, दरभंगा, कोलकाता, सोनपुर आदि जगहों से फोन किये थे. अपराधियों द्वारा लोकेशन बदल कर व्यवसायी को फोन करने की मंशा के पीछे पुलिस को भ्रमित करना था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




