बनने के साथ ही टूटने लगीं वार्ड की सड़कें
Updated at : 11 Aug 2016 4:50 AM (IST)
विज्ञापन

प्रभात खबर वार्ड स्कैन के तहत शहर के नागरिकों की समस्या और उनके प्रतिनिधि के उन समस्याओं पर प्रयास क्रमवार सामने लाने का अभियान शुरू किया गया है. इसी क्रम में बुधवार को वार्ड संख्या 24 से संबंधित समस्याओं को सामने लाया जा रहा है. समस्याओं को नगर पर्षद तथा जिला प्रशासन के सामने लाकर […]
विज्ञापन
प्रभात खबर वार्ड स्कैन के तहत शहर के नागरिकों की समस्या और उनके प्रतिनिधि के उन समस्याओं पर प्रयास क्रमवार सामने लाने
का अभियान शुरू किया गया है. इसी क्रम में बुधवार को वार्ड संख्या 24 से संबंधित समस्याओं को सामने लाया जा रहा है. समस्याओं को
नगर पर्षद तथा जिला प्रशासन के सामने लाकर उनके समाधान का प्रयास किया जायेगा. इसी की अगली कड़ी में वार्ड संख्या 24 का
वार्ड स्कैन.
हाजीपुर : वार्ड संख्या 24 में सड़कों की जर्जर स्थिति, वार्ड में रोशनी की व्यवस्था का घोर अभाव, खुले नाले, कूड़ा-कचरे का ढेर सहित कई समस्याओं से लोग त्रस्त हैं. बरसात की दिनों में तो वार्ड में फैले कूड़े-कचरे के ढेर पर पानी पड़ने और इसके बाद धूप होने की स्थिति में काफी दुर्गंध निकलती है, जिससे सड़क किनारे या वैसे चौराहे पर जहां कूड़े का ढेर है, वहां से गुजरना काफी मुश्किल हो गया है. वार्ड में कहीं भी सामुदायिक शौचालय नजर नहीं आता. वार्ड के शौचालय विहीन परिवारों तथा बाहर से यहां आने-वाले लोगों को शौच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है.
कूड़ेदान की नहीं है पर्याप्त व्यवस्था : वार्ड में कूड़ेदान की कमी के कारण मुहल्ले के अधिकतर परिवार अपने घरों के कूड़े-कचरे तथा छोटे व्यवसायी कूड़े-कचरे को चौक-चौराहे या सड़क किनारे ही फेंकते है. इसकी दुर्गंध से सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को नाक पर रूमाल या कपड़े रख कर गुजरना पड़ता है. खुले नाले, अतिक्रमण के कारण सिकुड़ी हुई सड़कों से मुहल्लावासियों को काफी कठिनाई हो रही है. बरसात के दिनों में तो
नाले के गंदे पानी के साथ कूड़े-कचरे सड़क पर बहते रहते हैं, जिससे सड़क से होकर आने-जाने
वाले राहगीरों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं.
स्ट्रीट लाइट की कमी से अंधेरा : वार्ड में कम मात्रा में स्ट्रीट लाइटें लगायी गयी हैं, जिससे शाम होने के बाद मोहल्ले के अधिकतर हिस्साें में अंधेरा छा जाता है. लोगों ने बताया बिजली के लो-वोल्टेज के कारण भी काफी परेशानी होती है. वार्ड में बनायी गयी कई सड़कें बनने के साथ ही टूट-टूट कर खराब हो गयी हैं. इसके निर्माण की गुणवत्ता पर किसी ने कभी ध्यान नहीं दिया. केवल राशि की बंदरबांट हुई है.
वार्ड पार्षद पर उदासीनता का आरोप : वार्ड के कुछ लोगों का कहना था कि यहां से निर्वाचित प्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के समय ही जनता का हालचाल जाने में वफादारी दिखाते हैं. चुनाव समाप्त होते ही वह धीरे-धीरे जनसमस्याओं से अनभिज्ञ होते जाते हैं. लोगों ने कहा कि चुनाव के वक्त लोग तरह-तरह के लुभावने आश्वासन देते हैं लेकिन बाद में प्राथमिकता के तौर पर कार्य नहीं किया जाता है. वार्ड में कई गलियों का हाल बुरा है. यहां न तो नाली की व्यवस्था है और न ही कहीं सड़कों की सोलिंग करायी
गयी है.
नियमित साफ-सफाई के अभाव में कूड़ा-कचरा इधर-उधर फेंकना पड़ता है.
क्या कहते हैं वार्ड पार्षद
वार्ड की समस्याओं पर ध्यान दिया जा रहा है. वार्ड के विकास के लिए कई योजनाएं मंजूर की गयी हैं. जल्द ही नाले की सफाई की जायेगी और लोगों को समस्याओं से निजात मिलेगी. वार्ड में डस्टबीन की कमी को दूर किया जायेगा. कई चापाकल लगाने की भी योजना है. स्ट्रीट लाइटें भी लगायी जायेंगी.
अजय कुमार सिंह
क्या कहते हैं नागरिक
इस वार्ड की मुख्य समस्या सड़क है. यहां की सड़कें इतनी जर्जर हैं कि पैदल चलना भी काफी मुश्किल है. वार्ड में कम मात्रा में स्ट्रीट लाइट होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है. संबंधित विभाग के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों को इस पर प्राथमिकता के तौर पर ध्यान देने की जरूरत है.
राकेश कुमार गुप्ता
इस वार्ड में शुद्ध पेयजल का घोर अभाव है. वार्ड में सरकारी चापाकल की भी कमी है. लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. अन्यथा ठेले पर बेचने वालों से पानी लेकर काम चलाना पड़ता है. नगर पर्षद और वार्ड पार्षद यहां की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसका नतीजा है कि यहां सड़क, पानी और नाले की स्थिति खराब हो गयी है.
सुनीता देवी
वार्ड में स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण शाम होते होते ही अधिकतर हिस्से अंधेरे में डूब जाते हैं. वहीं सामुदायिक शौचालय नहीं रहने से शौचालय विहीन परिवार को शौच के लिए खुले में जाना पड़ता है.
अख्तरी खातून
वार्ड में चारों तरफ फैला हुआ कचरा कई-कई दिनों बाद उठाया जाता है. यहां सड़क की स्थिति तो काफी बदतर हो गयी है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. सामुदायिक शौचालय की कमी है. सामुदायिक शौचालय बनाया जाना चाहिए ताकि शौचालय विहीन परिवार को परेशानी न हो.
महेश सिंह
क्या कहते हैं उपसभापति
वार्ड में सामुदायिक शौचालय का निर्माण, नाले की सफाई, अतिक्रमण की समस्याओं, स्ट्रीट लाइट की कमी पर ध्यान दिया जा रहा है. मैंने वार्ड का निरीक्षण किया है. व्याप्त समस्याओं को दूर करने के लिए अधिकारियों तथा वार्ड पार्षद के साथ विचार-विमर्श किया गया है. पर्षद ने वार्ड के लिए कई नयी विकास योजनाओं को पास किया है, जिस पर शीघ्र ही काम प्रारंभ हो जायेगा.
निकेत कुमार डब्ल्यू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




