एनएच-327ई पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, पांच वर्षीय बच्चा गंभीर

Updated:
विज्ञापन
अस्पताल में इलाज करते चिकित्सक.

अस्पताल में इलाज करते चिकित्सक.

त्रिवेणीगंज-जदिया मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।

विज्ञापन

त्रिवेणीगंज (सुपौल) . त्रिवेणीगंज-जदिया मुख्य मार्ग स्थित एनएच-327ई पर बुधवार की देर शाम तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गये. सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पिलुवाहा पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीनिया वार्ड संख्या-12 निवासी अनिल मेहता का 20 वर्षीय पुत्र राजा कुमार अपने गांव के ही पांच वर्षीय रौनक कुमार को बाइक पर बैठाकर किसी जरूरी काम से लक्ष्मीनिया चौक गया था. दोनों काम पूरा कर वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान त्रिवेणीगंज की ओर से तेज गति से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि रौनक कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

घटना के बाद वाहन जब्त

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल बच्चे को अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. बीएन पासवान ने प्राथमिक उपचार किया. बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

इधर, सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया. घटनास्थल से वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.

फरार वाहन चालक की तलाश जारी

मृतक की पहचान लक्ष्मीनिया वार्ड संख्या-12 निवासी राजा कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्चा उसी वार्ड के पवन मेहता का पांच वर्षीय पुत्र रौनक कुमार है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गये. युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.

थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन चालक की पहचान की जा रही है. चालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

ALSO READ : ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन खरीदेगी सरकार, पटना AIIMS का होगा विस्तार, सम्राट कैबिनेट में 22 एजेंडों पर लगी मुहर


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन