सोलर लाइट की बैटरी चोरी से लेकर खाद की कालाबाजारी तक, प्रतापगंज की बैठक में अधिकारियों से मांगा जवाब
बैठक भाग लेने आए बिधायक का स्वागत करते बीडीओ अमरेश कुमार मिश्र | Prabhat Khabar Network
प्रतापगंज प्रखंड में बीस सूत्री समिति की बैठक में विकास योजनाओं के साथ-साथ आम लोगों से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए गए. अतिक्रमण, खाद की कालाबाजारी, सोलर लाइट की बैटरी चोरी और आंगनबाड़ी में बच्चों को अंडे वितरण जैसे मामलों पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जवाब मांगा.
Supaul News : प्रतापगंज, सुपौल. प्रखंड सभागार में गुरुवार को आयोजित बीस सूत्री समिति की बैठक में विकास योजनाओं के साथ-साथ आम लोगों से सीधे जुड़े कई गंभीर मुद्दे जोर-शोर से उठे. अतिक्रमण और जमीन विवाद से लेकर खाद की कालाबाजारी, सीएचसी परिसर में घेराबंदी, सोलर लाइट की बैटरी चोरी और आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को अंडा वितरण तक के मामले पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जवाब मांगा.
आपके शहर में
प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक अध्यक्ष जयप्रकाश जया की अध्यक्षता में हुई. इसमें त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी, समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में सदस्यों ने कहा कि योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर सामने आ रही शिकायतों का भी समय पर समाधान जरूरी है.
प्रखंड मुख्यालय के रास्ते पर अतिक्रमण का मुद्दा उठा
बैठक में अतिक्रमण और जमीन विवाद प्रमुख मुद्दों में रहा. सदस्यों ने प्रखंड मुख्यालय आने वाले रास्ते में अतिक्रमण का मामला उठाते हुए कार्रवाई की मांग की.
प्रतापगंज सीएचसी परिसर में हो रही घेराबंदी का मुद्दा भी सामने आया. सदस्यों ने संबंधित मामलों की जांच कराने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की.
अधिकारियों से कहा गया कि सार्वजनिक उपयोग की जमीन और सरकारी परिसरों से जुड़े मामलों में स्पष्ट जांच होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो.
खाद की कालाबाजारी पर भी हुई चर्चा
बैठक में किसानों से जुड़े सबसे अहम मुद्दों में खाद की कालाबाजारी भी शामिल रही. सदस्यों ने खाद की उपलब्धता और उसकी बिक्री में अनियमितता की शिकायत उठायी.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रियांशु राज ने बताया कि खाद की कालाबाजारी के मामले में थाने में केस दर्ज किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
खाद की कीमत और उपलब्धता खेती के मौसम में किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में कालाबाजारी की शिकायत सामने आने पर निगरानी और कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर भी जिम्मेदारी बढ़ जाती है.
'कर्मी बनकर' सोलर लाइट की बैटरी खोलने का आरोप
बैठक में उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार ने सुरजापुर में सोलर लाइट की बैटरी चोरी का मामला उठाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया.
उन्होंने बताया कि करीब दस बिजली पोल पर लगी सोलर लाइट से कुछ युवक खुद को कर्मी बताकर बैटरी खोल लेते हैं. लोगों से कहा जाता है कि बैटरी खराब है और उसे ठीक कराने के लिए ले जाया जा रहा है.
उपाध्यक्ष ने ऐसे लोगों की गतिविधियों पर संदेह जताते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की. उन्होंने आशंका व्यक्त की कि ऐसे लोगों का संबंध स्मैक सेवन करने वाले गिरोह से हो सकता है. हालांकि इस संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बैटरी वास्तव में मरम्मत के नाम पर ले जायी जा रही थीं या चोरी की जा रही थीं.
आंगनबाड़ी में बच्चों को अंडा चार हिस्सों में देने का आरोप
बैठक में गोविंदपुर पंचायत के नररी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को अंडा वितरण का मामला भी चर्चा में आया.
उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार ने आरोप लगाया कि बच्चों को दिया जाने वाला एक अंडा चार हिस्सों में बांटकर वितरित किया जाता है. इस शिकायत के सामने आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पोषण की गुणवत्ता और मात्रा पर सवाल उठे.
सीडीपीओ प्रतिमा कुमारी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि शिकायत सही पाये जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनके स्वास्थ्य और विकास को बेहतर करना है.
किसानों से फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील
बैठक में किसानों से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण विषय पर भी चर्चा हुई. सीओ विकास ने किसानों और जनप्रतिनिधियों से फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने में सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि किसानों का पंजीकरण सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण है. जनप्रतिनिधियों से भी कहा गया कि वे अपने क्षेत्र के किसानों को इसके लिए जागरूक करें.
Supaul News : अधिकारियों से कार्रवाई की उम्मीद
बैठक में उठे अधिकांश मुद्दे सीधे आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़े रहे. कहीं रास्ते पर अतिक्रमण की समस्या है तो कहीं जमीन विवाद. किसानों के लिए खाद की उपलब्धता अहम है, जबकि गांवों में सोलर लाइट जैसी सुविधाओं की सुरक्षा भी जरूरी है.
आंगनबाड़ी में पोषण सामग्री वितरण को लेकर उठी शिकायत ने बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े सवाल खड़े किये हैं. ऐसे में बैठक में केवल शिकायत दर्ज होना पर्याप्त नहीं होगा. संबंधित मामलों में जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है, यह भी महत्वपूर्ण रहेगा.
बैठक में बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा, सीओ विकास, विधायक प्रतिनिधि सिकंदर सरदार, सीडीपीओ प्रतिमा कुमारी, बीपीआरओ शिल्पा कुमारी, पीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, कृषि पदाधिकारी प्रियांशु राज, पुअनि पूनम कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार के धन्यवाद ज्ञापन के बाद बैठक की कार्रवाई समाप्त हुई. अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि बैठक में उठाये गये अतिक्रमण, खाद की कालाबाजारी, सोलर लाइट की बैटरी और आंगनबाड़ी से जुड़े मामलों में प्रशासन कितनी जल्दी जांच और कार्रवाई करता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सरोज कुमार
सरोज कुमार प्रिंट माध्यम में 13 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. प्रतापगंज (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए