सुपौल में PM-AJAY योजना को मिलेगी रफ्तार, 18 जुलाई तक होगा ऐप आधारित ग्राम सर्वे, डीएम ने दिए निर्देश

सुपौल में पीएम-एजेएवाई योजना को गति देने की तैयारी
Supaul News सुपौल में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. 18 जुलाई तक ऐप आधारित ग्राम सर्वे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं.
सुपौल से रोशन कुमार सिंह की रिपोर्ट
Supaul News: सुपौल में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज कर दी गई है. जिला प्रशासन ने 18 जुलाई तक ऐप आधारित ग्राम सर्वे पूरा करने का लक्ष्य तय किया है. इसके लिए जिला स्तर पर उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं. योजना का उद्देश्य पात्र लाभुकों की सही पहचान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है.
PM-AJAY योजना को लेकर आयोजित हुई जिला स्तरीय कार्यशाला
प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यशाला के दौरान जिला स्तरीय योजना मूल्यांकन-सह-अभिसरण समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और योजना के बेहतर संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई.
विभागों के समन्वय पर डीएम ने दिया विशेष जोर
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता सभी विभागों के बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है. उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित विभाग आपसी अभिसरण के साथ कार्य करें, ताकि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंच सके.
डीएम के निर्देश पर जिला स्तर पर एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है. इस समिति में जिला अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
18 जुलाई तक पूरा करना होगा ऐप आधारित ग्राम सर्वे
कार्यशाला में ग्राम स्तर पर गठित सर्वे टीमों को मोबाइल एप के माध्यम से सर्वेक्षण करने का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया. अधिकारियों ने सर्वे की प्रक्रिया, डेटा संग्रह और पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने की तकनीकी जानकारी भी दी.
जिलाधिकारी ने सभी सर्वे टीमों को निर्देश दिया कि 08 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के बीच ऐप आधारित सर्वे हर हाल में पूरा करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आंकड़े पोर्टल पर अपलोड करें.
Supaul News: पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर फोकस
प्रशासन का मानना है कि ऐप आधारित सर्वे से पात्र परिवारों की सटीक पहचान संभव होगी. इससे प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक समय पर पहुंचाने में आसानी होगी.
बैठक में उप विकास आयुक्त सारा असरफ, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया.
प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सर्वे पूरा कर जिले में PM-AJAY योजना के कार्यान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि अनुसूचित जाति समुदाय के पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










