सुपौल में बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा मोहर्रम जुलूस, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, SDPO ने जारी की गाइडलाइन
सुपौल प्रशासन की बैठक
Muharram 2026: मोहर्रम पर्व से पहले सुपौल के राघोपुर में प्रशासन अलर्ट मोड में है. एसडीपीओ ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना लाइसेंस न तो जुलूस निकलेगा और न ही मेला लगेगा. साथ ही डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट
Muharram 2026: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने की. इस दौरान एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया समेत क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे. बैठक में प्रशासन ने मोहर्रम को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए.
बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर जुलूस निकालने या मेला आयोजित करने के लिए संबंधित समिति को पूर्व अनुमति के साथ थाना से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का जुलूस या मेला आयोजित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पटना: ” खान जो है वह खुद ही फर्जी है…” खान सर पर तेज प्रताप का यह बयान हुआ खूब वायरल.
डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूस में डीजे के उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि लाइसेंस आवेदन के साथ जुलूस के मार्ग, अखाड़ा स्थल, आयोजकों के नाम और प्रतिभागियों की संख्या का स्पष्ट विवरण देना होगा. प्रशासन ने सभी समितियों से नियमों का पालन करने की अपील की है.
मेला समितियों को तैनात करने होंगे स्वयंसेवक
प्रशासन ने प्रत्येक मेला समिति को आयोजन स्थल पर 10 से 15 स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया है. इन स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करना होगा. एसडीपीओ ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में लाइसेंस में नामित जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
Muharram 2026: अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि मोहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सजग है. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी. उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने सभी समुदायों से भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की.
बैठक में पूर्व प्रमुख महेंद्र गुप्ता, प्रो. कमल यादव, मो. तबरेज, नूर आलम, मो. बसीर, सागर यादव, मो. फैज, मित्तन यादव, गणेश दास, राधा देवी, अमित भगत, विनय भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










