Kosi River Tragedy: कोसी की लहरों से चार दिन बाद मिला युवक का शव, गांव में मचा कोहराम
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 14 May 2026 1:32 PM
घटना स्थल पर निरिक्षण करती पुलिस
Kosi River Tragedy: सुपौल के झिंगवा गिदराही गांव में सोमवार से लापता श्री राम कुमार महतो का शव मिलते ही कोहराम मच गया। विसर्जन के बाद नहाने के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर कोसी के तटवर्ती इलाकों में सुरक्षा और सावधानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
Kosi River Tragedy: सुपौल से विकास कुमार की रिपोर्ट. सुपौल में कोसी नदी ने एक बार फिर दर्दनाक हादसे की कहानी लिख दी. मरौना थाना क्षेत्र के झिंगवा गिदराही गांव में चार दिन पहले नदी में डूबे 19 वर्षीय युवक श्री राम कुमार महतो का शव गुरुवार सुबह नदी के पानी में तैरता मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों की नजर जैसे ही पानी में उतराते शव पर पड़ी, इलाके में सनसनी फैल गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पहचान होने पर पता चला कि शव उसी युवक का है, जो सोमवार से लापता था.
पूजा विसर्जन के बाद हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार सोमवार को पूजा सामग्री विसर्जन के बाद चार युवक कोसी नदी में स्नान करने उतरे थे. इसी दौरान तेज बहाव और गहरे पानी में फंसकर श्री राम कुमार महतो नदी में डूब गया. उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए थे.
घटना के बाद से ही स्थानीय गोताखोर, ग्रामीण और एनडीआरएफ टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन चार दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
शव मिलते ही गांव में पसरा मातम
गुरुवार सुबह शव मिलने के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. युवक की मां का रो-रोकर बुरा हाल था. परिवार के अन्य सदस्य भी बदहवास हालत में बार-बार बेटे को याद कर फूट-फूटकर रोते रहे. वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
घटना की सूचना मिलते ही Marauna Police Station के थानाध्यक्ष Raiman Bhaskar पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.
भागलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
सदर अस्पताल में शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम करने में असमर्थता जताई. इसके बाद सिविल सर्जन Dr Babu Sahab Jha ने तीन सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की. जांच के बाद शव को बेहतर परीक्षण और पोस्टमार्टम के लिए Bhagalpur Medical College रेफर कर दिया गया.
घटनास्थल पर अंचलाधिकारी Abhijeet Kumar सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










