मुजफ्फरपुर में छापेमारी : 2600 लीटर विदेशी शराब बरामदगी मामले का फरार आरोपित पांच साल बाद गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपित की जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी.| Prabhat Khabar Network
Police Action : 2021 में एनएच-106 पर 2600 लीटर विदेशी शराब की बरामदगी के एक बड़े मामले में पांच साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर में हुई इस कार्रवाई से शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है.
Police Action : सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में एनएच-106 पर 2600 लीटर विदेशी शराब बरामदगी मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पिछले पांच वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. गुप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर उसे दबोचा गया.
पांच साल से फरार था नामजद आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के खरिका वार्ड संख्या-2 निवासी रमेश राय के 30 वर्षीय पुत्र ललन कुमार उर्फ लालबाबू के रूप में हुई है. वह वर्ष 2021 से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी.
2021 में ट्रक से बरामद हुई थी 2600 लीटर शराब
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि वर्ष 2021 में किसान चौक स्थित एनएच-106 पर एक ट्रक से करीब 2600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी. इस मामले में मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि प्राथमिकी में नामजद दो अन्य आरोपियों ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था.
गुप्त सूचना पर मुजफ्फरपुर में हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के खरिका गांव में छापेमारी कर ललन कुमार उर्फ लालबाबू को गिरफ्तार कर लिया.
न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया
गिरफ्तार आरोपी को रविवार सुबह करीब छह बजे राघोपुर थाना लाया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
शराब तस्करों के खिलाफ अभियान जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इस कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता अमिया प्रशुन, एएसआई सुधीर कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशुतोष झा
आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










