जब्त ट्रक जिससे उतारी जा रही थी शराब.

Updated at :27 Sep 2016 2:01 AM
विज्ञापन
जब्त ट्रक जिससे उतारी जा रही थी शराब.

सुपौल : सदर थाना पुलिस ने रविवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जगतपुर-वीणा मुख्य पथ पर अंग्रेजी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. जब्त ट्रक से तलाशी के दौरान पुलिस ने 5424 बोतलें विदेशी शराब बरामद की गयी. जब्त शराब हरियाणा निर्मित बतायी जा रही है. शराब माफिया द्वारा […]

विज्ञापन

सुपौल : सदर थाना पुलिस ने रविवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जगतपुर-वीणा मुख्य पथ पर अंग्रेजी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. जब्त ट्रक से तलाशी के दौरान पुलिस ने 5424 बोतलें विदेशी शराब बरामद की गयी. जब्त शराब हरियाणा निर्मित बतायी जा रही है. शराब माफिया द्वारा शराब की इस खेप को ट्रक में साइकिल पार्ट्स और टायर-ट्यूब के बीच छिपा कर सुपौल लाया जा रहा था. पुलिस ने शराब की इस खेप के साथ करीब 25 लाख रुपये मूल्य के साइकिल पार्ट्स भी जब्त किये. जब्त शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जारही है.

हरियाणा से लाया…उधर, रविवार की रात जगतपुर-वीणा पथ पर शराब लदे ट्रक को छोड़ कर फरार हुए ट्रक के चालक जगजीत सिंह व खलासी जितेंद्र सिंह को पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. समाचार प्रेषण तक पुलिस टीम गिरफ्तार चालक व खलासी को लेकर सुपौल नहीं पहुंची थी.

भारी मात्रा में शराब बरामदगी को लेकर प्रभारी पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि रविवार की देर रात सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोठ बरुआरी पंचायत स्थित जगतपुर गांव में एक ईंट भट्ठा के पास एक ट्रक से बड़ी मात्रा में शराब अनलोड किया जा रहा है. सूचना के बाद थानाध्यक्ष राम इकबाल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचने पर कुछ लोगों ने बताया कि एक लोडेड ट्रक कुछ देर पूर्व वीणा की ओर तेजी से निकला है. थानाध्यक्ष द्वारा लोगों से मिली जानकारी के आधार पर ट्रक का पीछा किया गया और वीणा रोड से लावारिस हालत में ट्रक को बरामद कर थाने लाया गया. सदर थानाध्यक्ष ने मामले का वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए ट्रक छोड़ कर भाग रहे चालक व खलासी को मुजफ्फरपुर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया है. प्रभारी एसपी ने बताया कि शराब की इस बड़ी खेप को मंगवा कर शराब माफिया रविवार की रात जगतपुर गांव से छोटे-छोटे वाहनों में भर कर जिले के अन्य भागों के लिए डिस्पैच करने की तैयारी में थे. पर, पुलिस ने ससमय कार्रवाई कर उनके इरादों को नाकाम कर दिया. प्रभारी एसपी ने बताया कि पूर्णत: शराबबंदी लागू होने के बाद जिले में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप जब्त की गयी है. पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है. चालक व खलासी से पूछताछ के बाद इस रैकेट से जुड़े लोगों का परदाफाश होगा तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

कड़ी निगरानी में उतारी जा रही थी शराब

सदर थाना पुलिस द्वारा जब्त शराब की यह खेप जगतपुर गांव स्थित ईंट भट्ठा पर अनलोड किया जा रहा था. सूत्रों के अनुसार ट्रक से शराब उतारने के दौरान परसरमा चौक से ले कर वीणा रेलवे ढाला तक शराब कारोबारी के लोग सख्त पहरा दे रहे थे. इन्हें पुलिस की गतिविधियों की सूचना देने का निर्देश इनके आकाओं से प्राप्त था. इसका प्रमाण इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जैसे ही सदर थाना पुलिस परसरमा चौक के समीप पहुंची, ठीक उसी समय ट्रक एवं ट्रक के पास खड़े अन्य चार छोटे वाहन विभिन्न दिशाओं में मोड़ दिये गये. हालांकि शराब माफियाओं ने करीब 40 से 50 पेटी शराब को ठिकाने भी लगा दिया. इस दौरान पुलिस टीम के आने की सूचना मिलते ही चालक ट्रक को ले कर भाग खड़ा हुआ. पुलिस ने जब ट्रक को जब्त किया, तो ट्रक के ऊपर बंधा तिरपाल खुला हुआ था और साइकिल पार्ट्स के बीच में रखी शराब की पेटियों का एक हिस्सा गायब था.

शराब पहुंचाने ट्रक पहुंचा था सुपौल

हरियाणा से साइकिल पाटर्स लेकर चला यह ट्रक सिर्फ शराब पहुंचाने सुपौल पहुंचा था. ट्रक पर लोड साइकिल पार्ट्स मुजफ्फरपुर स्थित रालसन इंडिया शोरूम के बताये जा रहे हैं. इससे स्पष्ट है कि यह ट्रक हरियाणा से मुजफ्फरपुर के लिए चला था, लेकिन शराब की एक बड़ी खेप को पहुंचाने के लिए ट्रक को सुपौल लाया गया था. इस बात का खुलासा ट्रक से जब्त ट्रांस्पोर्टर के चालान से हुआ है. चालान के मुताबिक योगेंद्र कैरियर नाम की ट्रांसपोर्ट एजेंसी ने 21 सितंबर को साइकिल पार्ट्स का माल मुजफ्फरपुर स्थित शोरूम भेजने के लिए ट्रक किराये पर लिया था.चलान के मुताबिक ट्रक को मुजफ्फरपुर में ही अनलोड होना था. पर, शराब की बड़ी खेप की आपूर्ति सुपौल में करने के कारण ट्रक को सुपौल लाया गया था. हालांकि ट्रक पर शराब कहां लोड किया गया और सुपौल में शराब की आपूर्ति किसे करनी थी, इस बात का खुलासा गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर के बयान से ही होगा.

थाने पर लगा लोगों का जमघट

बड़ी मात्रा में शराब जब्त होने की सूचना अहले सुबह जिला मुख्यालय में फैल चुकी थी. ट्रक पर साइकिल पार्ट्स के बीच छिपा कर रखे गये करीब तीन सौ पेटी शराब को देखने के लिए सदर थाने पर लोगों का जमघट लग गया था. सदर थाना पुलिस लोगों की भीड़ को ट्रक के पास से हटाने के लिए मशक्कत कर रही थी. वहीं ट्रक से शराब की पेटी अनलोड करने के लिए करीब एक दर्जन मजदूरों को लगाया गया था. चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर ट्रक से साइकिल पार्ट्स हटा कर शराब की पेटी को सुरक्षित अनलोड किये. जब्त शराब की जब्ती सूची बनाने में भी पुलिस अधिकारियों के पसीने छूट रहे थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन