पटना के कन्हौली में प्रस्तावित ISBT में होगी यात्रियों के लिए खास सुविधा, तीन माह में बन जायेगा डीपीआर
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Jan 2022 8:48 AM
सात जनवरी 2022 तक बिड जमा होंगे. चयनित एजेंसी तीन महीने में डीपीआर तैयार कर बुडको को सौंपेगी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू होगा.
पटना. बिहटा (कन्हौली) में बनने वाले पटना के दूसरे बस स्टैंड पर बसों की पार्किंग के साथ ही सेमिनार हॉल, गेस्ट हाउस व मल्टीपर्पस हॉल जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. 50 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस बस स्टैंड की लैंड स्केपिंग कर उसे खूबसूरत बनाया जायेगा.
बिहार अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बुडको) ने कन्हौली में पाटलि बस स्टैंड के विकास के लिए डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंट की तलाश शुरू कर दी है. इसके लिए सात जनवरी 2022 तक बिड जमा होंगे. चयनित एजेंसी तीन महीने में डीपीआर तैयार कर बुडको को सौंपेगी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू होगा.
कन्हौली में प्रस्तावित पाटलि बस स्टैंड पर गेस्ट हाउस का भी प्रावधान किया गया है. यह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा. ऑफिस एरिया अलग से होगा, जहां पर बस स्टैंड से जुड़े पदाधिकारियों के लिए चैंबर बनाये जायेंगे. साथ ही 50 लोगों की जबकि मल्टीपर्पस हॉल की क्षमता कम से कम 150 लोगों की होगी.
वाहनों के लिए कवर और खुली दोनों तरह की पार्किंग की व्यवस्था होगी. बस स्टैंड इलाके को खूबसूरत बनाने के लिए झरना, गार्डेन, पार्क, स्ट्रीट लाइटिंग और बाहर में यात्रियों के बैठने की क्षमता का भी विकास किया जायेगा.
जल्द शुरू होगी अधिग्रहण की प्रक्रिया पाटलि बस स्टैंड के लिए जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी. फिलहाल इलाके को चिह्नित कर नापी का काम पूरा कर लिया गया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की हरी झंडी मिलते ही जिला प्रशासन के स्तर पर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी.
कन्हौली बस स्टैंड यात्रियों के लिए बड़ा जंक्शन साबित होगा. यहां से चारों दिशाओं की कनेक्टिविटी होने से यात्रियों को आने-जाने में काफी सहूलियत होगी. पटना से काफी नजदीक होने के चलते राजधानी पर से यात्रियों का लोड घटेगा.
प्रस्तावित बस स्टैंड से बिहटा-सरमेरा सड़क कनेक्ट होने से जहां दक्षिण बिहार के जिलों में पहुंच आसान होगी, वहीं प्रस्तावित शेरपुर-दिघवारा सड़क से जुड़ने पर इस स्टैंड से उत्तर बिहार के लिए भी लोग वाहन ले सकेंगे. पश्चिम में आरा, बक्सर व रोहतास जैसे जिलों को यह बस स्टैंड राजधानी को और नजदीक लाने का काम करेगा. दानापुर-बिहटा एलिवेटेड सड़क से भी यह स्टैंड पटना से जुड़ेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










