सीवान के जीरादेई ज्वेलर्स दुकान लूटकांड में फरार आरोपी निखिल यादव ने किया सरेंडर

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर. AI Image

जीरादेई के जमापुर बाजार स्थित ओम साईं बर्तन एवं ज्वेलर्स दुकान में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मुख्य आरोपी निखिल कुमार यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है, जिससे घटना के अन्य पहलुओं पर जांच तेज हो गई है.

विज्ञापन

Jewelers Shop Robbery: जीरादेई थाना क्षेत्र के जमापुर बाजार स्थित ओम साईं बर्तन एवं ज्वेलर्स दुकान में छह मई को हुई लूट के मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई का असर दिखने लगा है. पुलिस की दबिश, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई के बीच कांड में फरार चल रहे आरोपी निखिल कुमार यादव ने सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.

पुलिस के अनुसार, सिसवन थाना क्षेत्र के गुदरी हाता निवासी निखिल कुमार यादव ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है. इसके बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी से आरोपियों की हुई पहचान

घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गयी थी. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और सूचना संकलन के आधार पर कांड में शामिल आरोपियों की पहचान की.

इसके बाद नौ मई को चार आरोपियों गोल कुमार यादव उर्फ धृति, कुंदन कुमार उर्फ कुंदन कश्यप, पप्पू कुमार और धनंजय कुमार साह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.

मुठभेड़ में घायल आरोपी भी भेजा गया था जेल

पुलिस के अनुसार, 18 मई को एक अन्य आरोपी अखिलेश सिंह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया था. इलाज के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसके बाद फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रही.

इश्तेहार के बाद तीन आरोपियों ने किया था सरेंडर

न्यायालय के आदेश पर एक जून को चार फरार आरोपियों के विरुद्ध इश्तेहार की कार्रवाई की गयी थी. इसके बाद पांच जून को मनीष सहनी और विशाल कुमार गुप्ता ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. वहीं 16 जून को आरोपी राकेश यादव ने भी न्यायालय में सरेंडर किया था.

निखिल के घर हुई थी कुर्की

फरार आरोपी निखिल यादव के खिलाफ पुलिस ने नौ जून को उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई की थी. इसके बाद भी पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी.

पुलिस की बढ़ती दबिश और लगातार कार्रवाई के बीच सोमवार को निखिल कुमार यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस अब लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी


विज्ञापन
पंकज कुमार

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन