Siwan News : फुटपाथ से सड़क तक कब्जा, शहर में आम लोगों का चलना हुआ मुश्किल

Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 22 May 2026 3:56 PM

विज्ञापन

जाम में फंसी एंबुलेंस

Siwan News : अतिक्रमण के कारण शहर में बिगड़ी यातायात व्यवस्था, लोगों ने डीएम से लगाई गुहार

विज्ञापन

Siwan News (अरविंद कुमार सिंह) : सीवान शहर में बेलगाम अतिक्रमण ने आम जनता की जिंदगी मुश्किल कर दी है. मुख्य सड़कों से लेकर बाजार तक हर जगह दुकानदारों ने फुटपाथ और सड़क की आधी चौड़ाई पर कब्जा जमा लिया है. ठेला-खोमचा वालों ने भी जगह-जगह डेरा डाल दिया है, जिससे सड़कें संकरी हो गई हैं. स्टेशन रोड, बबुनिया मोड़, तरवारा मोड़, पकड़ी मोड़, थाना रोड और मुख्य बाजार की स्थिति सबसे बदतर है. यहां पैदल चलना भी अब जोखिम भरा हो गया है. लोग मजबूरन सड़क के बीच से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका हर वक्त बनी रहती है. सुबह स्कूल समय और शाम को बाजार के वक्त जाम इतना भीषण होता है कि आधे-आधे घंटे वाहन रेंगते रहते हैं.

स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

इस समस्या से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं. कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं. समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से मरीजों की जान पर बन आती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल दिखावा बनकर रह गया है. टीम आती है, कुछ देर कार्रवाई करती है और जाते ही फिर से वही हाल हो जाता है. प्रशासनिक सख्ती न होने से अतिक्रमणकारी बेखौफ हैं. दुकानदारों का कहना है कि दुकानें छोटी हैं और प्रतिस्पर्धा ज्यादा, इसलिए सामान बाहर रखना पड़ता है. वहीं आम लोगों का साफ मानना है कि जाम और अव्यवस्था की सबसे बड़ी वजह अतिक्रमण ही है. शहरवासियों ने जिलाधिकारी से स्थायी समाधान की मांग की है. लोगों ने कहा कि ठेला-खोमचा वालों के लिए वेंडिंग जोन तय किया जाए, नियमित निगरानी हो और कड़ा जुर्माना लगाया जाए. तभी शहर को जाम से निजात मिलेगी.

Also Read : सीवान डीएम का बड़ा एक्शन, 90 हड़ताली पंचायत सचिव निलंबित, BDO को भी सख्त आदेश

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन