सीवान में सुबह सुबह बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ शुरु हुई झमाझम बारिश

Published by : Sakshi kumari Updated At : 29 May 2026 8:15 AM

विज्ञापन

झमाझम बारिश

Siwan Weather: जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज आंधी, बारिश और गरज के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी.

विज्ञापन

Siwan Weather: (सीवान से अरविंद कुमार सिंह, नौतन से शिवनाथ पांडेय, पंकज कुमार और सच्चेंद्र द्विवेदी की रिपोर्ट)

जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज आंधी, बारिश और गरज के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी. पिछले कई दिनों से पड़ रही तपती धूप और प्रचंड गर्मी से लोग परेशान हो चुके थे. दिन में घरों से निकलना मुश्किल हो गया था, लेकिन सुबह हुई झमाझम बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया.

बारिश शुरू होते ही सड़कों पर छाई ठंडक

सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया. बारिश शुरू होते ही सड़कों पर ठंडक महसूस की गई और लोगों ने राहत की सांस ली. तेज गरज की आवाज से कई लोग अचानक जाग गए. शहर के मुख्य बाजारों और मोहल्लों में भी ठंडी हवाओं का असर साफ दिखाई दिया. सुबह टहलने निकले लोग बारिश और ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए.

बारिश से स्कूल जाने वालों की बढ़ी परेशानी

सुबह की तेज बारिश और जलजमाव का असर स्कूल-कॉलेजों पर भी देखने को मिला. कई छात्र और शिक्षक देर से विद्यालय पहुंचे. बारिश के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि बारिश थमने के बाद बाजारों में सामान्य गतिविधियां फिर शुरू हो गईं.

किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान मौसम बदलने से खुश नजर आए. किसानों का कहना है कि इस बारिश से खेतों की नमी बढ़ेगी और फसलों को फायदा मिलेगा. पिछले सप्ताह तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिससे खेतों में काम करना मुश्किल हो गया था. अब बारिश के बाद किसानों ने राहत महसूस की है.

तेज गरज से कुछ देर घरों में दुबके रहे लोग

बारिश के दौरान तेज गरज के कारण लोग कुछ देर के लिए घरों में ही दुबके रहे. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. नगर परिषद क्षेत्र के कुछ हिस्सों में नालों के कारण जलजमाव की स्थिति बन गई. इसके बावजूद लोगों ने मौसम में आई ठंडक का आनंद लिया.

अगले तीन दिनों तक बारिश और बादल के आसार

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सीवान जिले में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार मौसम में नरमी बनी रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी. सीवान के नौतन प्रखंड क्षेत्र में भी शुक्रवार सुबह जमकर बारिश हुई. लगातार पड़ रही तेज धूप और प्रचंड गर्मी से लोग व्याकुल हो चुके थे. दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया था. सुबह हुई बारिश के बाद लोगों ने राहत महसूस की और मौसम खुशनुमा हो गया.

39 डिग्री से लुढ़ककर 33.8 पर पहुंचा तापमान

लगातार पड़ रही गर्मी के कारण जिले का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया था. शुक्रवार सुबह मौसम बदलने के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. 39 डिग्री तक पहुंच चुका पारा गिरकर 33.8 डिग्री पर आ गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है.

हरी सब्जियों को मिली संजीवनी

बारिश का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को मिला है. किसानों का कहना है कि लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेत सूखने लगे थे. अब बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ेगी और हरी सब्जियों की फसलों को संजीवनी मिलेगी. ग्रामीण इलाकों में किसान मौसम बदलने से खुश नजर आए. बारिश शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई. बारिश रुकने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही.

Also Read: सीवान के नौतन में डबल मर्डर, घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, इलाके में दहशत

विज्ञापन
Sakshi kumari

लेखक के बारे में

By Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन