सीवान में भ्रष्टाचार के आरोप में हेडमास्टर निलंबित, शिक्षा मंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
AI से बनाई गई तस्वीर
सीवान के राजकीयकृत प्रैक्टिकल उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक खुर्शीद हुसैन अंसारी निलंबित. अवैध परीक्षा शुल्क वसूलने और छात्रों-शिक्षकों से अपमानजनक व्यवहार के आरोप. शिक्षा मंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई.
Siwan News : अवैध परीक्षा शुल्क वसूलने, चेतना सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ अपमानजनक व्यवहार तथा भ्रष्टाचार के आरोपों में शिक्षा विभाग ने सोमवार को महाराजगंज प्रखंड के सिकटिया स्थित राजकीयकृत प्रैक्टिकल उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक खुर्शीद हुसैन अंसारी को निलंबित कर दिया. मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गयी है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपों को प्रथम दृष्टया गंभीर माना गया है.
छात्र-छात्राओं की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जारी आदेश के अनुसार, प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने शिकायत की थी. आरोप था कि पंजीयन और आवेदन शुल्क के नाम पर निर्धारित सरकारी राशि से अधिक पैसे लिये जा रहे थे. इसके अलावा चेतना सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ अपमानजनक व्यवहार किये जाने की शिकायत भी सामने आयी थी.
मामला शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के संज्ञान में आने के बाद त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये गये. इसके बाद शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया.
386 की रसीद, 1500 से 3000 रुपये लेने का आरोप
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में नामांकन और पंजीयन शुल्क के नाम पर मनमाने तरीके से राशि वसूलने की शिकायत की गयी थी. कई विद्यार्थियों का आरोप था कि उन्हें 386 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की राशि की रसीद दी गयी, जबकि उनसे 1500 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक लिये गये. कुछ विद्यार्थियों से इससे अधिक राशि लिये जाने की शिकायत भी सामने आयी थी.
शिकायत मिलने के बाद विद्यार्थियों के अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक से इस संबंध में बातचीत भी की थी. इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ने की बात कही गयी.
जांच के लिए अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
मामले की विभागीय जांच के लिए पीएम पोषण योजना के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को संचालन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं, महाराजगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गयी है. विभागीय जांच में शिकायतों और संबंधित साक्ष्यों की पड़ताल की जायेगी.
जीरादेई बीआरसी रहेगा निलंबन अवधि का मुख्यालय
निलंबन अवधि में खुर्शीद हुसैन अंसारी का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, जीरादेई निर्धारित किया गया है. आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जायेगा. उनके विरुद्ध आरोपपत्र अलग से गठित किया जायेगा. अंतिम रूप से आरोपों की पुष्टि विभागीय कार्यवाही पूरी होने के बाद होगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए