सीवान सदर पंचायत समिति प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 30 जुलाई को होगी विशेष बैठक

Updated:
विज्ञापन
सीवान सदर पंचायत समिति की प्रमुख के खिलाफ 30 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर होगी विशेष बैठक

सीवान सदर प्रखंड कार्यालय

Siwan News : सीवान सदर पंचायत समिति की प्रमुख आरती देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 30 जुलाई को विशेष बैठक बुलाई गई है. प्रमुख पर विकास कार्यों में उदासीनता और भेदभाव के गंभीर आरोप लगे हैं. इस बैठक पर जिले की राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं.

विज्ञापन

सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट Siwan News : सीवान सदर पंचायत समिति की प्रमुख आरती देवी के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 30 जुलाई को विशेष बैठक बुलाई गई है. यह बैठक गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे प्रखंड सभागार, सीवान सदर में आयोजित होगी. बैठक में शामिल होने के लिए सभी पंचायत समिति सदस्यों को सूचना भेज दी गई है.

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ निर्देश

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी, पंचायत समिति की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि पटना हाईकोर्ट द्वारा सीडब्ल्यूजेसी संख्या 2083/2026 में 15 जुलाई को दिए गए आदेश के अनुपालन में यह विशेष बैठक आयोजित की जा रही है. बैठक में प्रमुख के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी.

प्रमुख पर लगाए गए कई आरोप

अविश्वास प्रस्ताव में प्रमुख आरती देवी पर बिहार पंचायत राज अधिनियम के तहत प्राप्त अधिकारों और जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया गया है. प्रस्ताव में कहा गया है कि पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रत्येक दो महीने पर होनी चाहिए थी, लेकिन दो वर्षों के कार्यकाल में समय पर बैठकें नहीं बुलाई गईं.

विकास कार्यों में उदासीनता और भेदभाव का आरोप

प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि प्रमुख ने पंचायत समिति सदस्यों के क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई. सदस्यों के साथ भेदभाव करने, बैठक के दौरान एक सदस्य के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य नहीं कराने के आरोप भी लगाए गए हैं.

स्थायी समितियों की बैठक नहीं बुलाने का भी आरोप

अविश्वास प्रस्ताव में विभिन्न विभागों के कार्यों की निगरानी और नियंत्रण में लापरवाही, स्थायी समितियों की समय पर बैठक नहीं बुलाने, विकास कार्यों के प्रति उदासीनता तथा प्रखंड में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसे आरोप भी शामिल किए गए हैं. प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि अन्य बिंदु विशेष बैठक के दौरान प्रस्तुत किए जाएंगे.

बैठक पर रहेगी सबकी नजर

30 जुलाई को होने वाली इस विशेष बैठक पर पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की भी नजर रहेगी. बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : विधानसभा में गूंजा बड़हरिया की जर्जर सड़कों का मुद्दा, विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने की निर्माण की मांग



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन