सीवान में आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर पुलिस का छापा, 11 लड़कियां मुक्त, पांच संचालक गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर। AI Generated
Siwan News: सीवान जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के शोषण के खिलाफ 'नया सवेरा ऑपरेशन' के तहत बड़ी कार्रवाई हुई. दरौली के आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापेमारी कर 11 लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिनमें तीन नाबालिग थीं. पुलिस ने दो संचालकों को गिरफ्तार किया है और मानव तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है.
Siwan News: सीवान जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे नया सवेरा ऑपरेशन के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई. स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, दरौली थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने दरौली प्रखंड के दोन स्थित विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर अचानक छापेमारी की. इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके के शराब और शबाव के कद्रदानों में हड़कंप मच गया.
तीन नाबालिगों समेत 11 मुक्त
पुलिस और सामाजिक संस्था की संयुक्त टीम ने इस सघन छापेमारी के दौरान अलग-अलग ठिकानों से कुल 11 लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुक्त कराई गई इन लड़कियों में तीन नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं, जिन्हें जबरन इस धंधे में धकेला गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो आर्केस्ट्रा संचालकों को भी दबोच लिया है.
दो संचालक किए गए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष सुरक्षा टीम ने 'न्यू परी आर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप' के मुख्य संचालक रंजीत सिंह तथा 'पूजा आर्केस्ट्रा' के संचालक गणेश कुमार को मौके से रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. छापेमारी दल को देखते ही कुछ अन्य संदिग्ध लोग पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
उम्र और पते का सत्यापन
महिला थाने की पुलिस द्वारा वर्तमान में सभी रेस्क्यू की गई लड़कियों के वास्तविक नाम, स्थायी पता और उनकी सही आयु का तकनीकी व चिकित्सकीय सत्यापन कराया जा रहा है. जांच एजेंसियां और जिला पुलिस की विशेष टीम अब इस बिंदु पर गहनता से पता लगाने में जुटी हैं कि इन लड़कियों को किन परिस्थितियों में और किस माध्यम से सीवान के इस सुदूर इलाके में लाया गया था.
मानव तस्करी नेटवर्क की जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन लड़कियों को बेहतर नौकरी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर लाया गया था या यह अंतरराज्यीय मानव तस्करी का मामला है. इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन से स्थानीय सफेदपोश लोग शामिल हैं, इसकी कुंडली खंगाली जा रही है. पुलिस इस मामले में मानव तस्करी रोधी कानून, पॉक्सो एक्ट और महिलाओं के शोषण की अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
गोपनीय रखी जाएगी पहचान
सीवान पुलिस प्रशासन ने इस बड़ी कार्रवाई के बाद आम लोगों से पुरजोर अपील की है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या महिलाओं एवं बच्चों के मानसिक व शारीरिक शोषण जैसी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष, डायल 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें. सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










