सीवान: श्रीकरपुर दहेज हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा, नवविवाहिता की सास गिरफ्तार

Author Chandra Prakash|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन

सीवान के श्रीकरपुर गांव में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी, मृतका की सास शांति देवी को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में पहले ससुर को भी गिरफ्तार किया गया था. पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Siwan News : सीवान गुठनी थाना क्षेत्र के श्रीकरपुर गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में दर्ज दहेज हत्या कांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है. मामले की नामजद आरोपित एवं मृतका की सास शांति देवी को गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं मामले के अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कमरे में संदिग्ध हालत में मिली थी नवविवाहिता की लाश

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को श्रीकरपुर गांव निवासी सोनू चौहान की 25 वर्षीय पत्नी संध्या चौहान की कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की थी.

मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए गुठनी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. एफआईआर में मृतका के पति सोनू चौहान, ससुर विजय चौहान, सास शांति देवी तथा ननद रीना देवी और रेणु चौहान को नामजद आरोपित बनाया गया है.

ससुर पहले गिरफ्तार, अब सास भी पहुंची जेल

मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पहले मृतका के ससुर विजय चौहान को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. इसके बाद शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर शांति देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दहेज हत्या मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शांति देवी की गिरफ्तारी की गई है. मामले की जांच जारी है. पति समेत अन्य फरार नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन