सीवान : उत्पाद विभाग से बचने के लिए रेलवे ओवरब्रिज से कूदा शराब तस्कर, यूपी से ला रहा था खेप
बरामद हुई शराब से भरी स्कूटी
Siwan Liquor Smuggling : सीवान में उत्पाद विभाग की टीम से बचने के लिए एक युवक ने रेलवे ओवरब्रिज से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक यूपी से शराब तस्करी कर ला रहा था, जिसकी सूचना पर उत्पाद विभाग उसका पीछा कर रहा था.
Siwan Liquor Smuggling : सीवान के मैरवा थाना क्षेत्र में सोमवार रात शराब तस्करी के संदेह में उत्पाद विभाग की टीम द्वारा पीछा किए जाने के दौरान एक युवक ने लक्ष्मीपुर रेल ओवरब्रिज से नीचे छलांग लगा दी. हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. उत्पाद विभाग ने मौके से शराब लदी स्कूटी बरामद की है.
आपके शहर में
पीछा किए जाने पर ओवरब्रिज से कूद गया युवक
घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी के संदेह में एक स्कूटी सवार युवक का पीछा कर रही थी. टीम को पीछे आता देख युवक लक्ष्मीपुर रेल ओवरब्रिज पर पहुंचा और अचानक स्कूटी खड़ी कर पुल से नीचे कूद गया.
पुल से गिरते ही गंभीर रूप से घायल हुआ मोजाहिद
ओवरब्रिज से नीचे गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आयीं. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मैरवा थाने की पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया.

गंभीर हालत में सदर अस्पताल किया गया रेफर
रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायल की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नवलपुर कर्बला निवासी मुस्लिम खान के पुत्र मोजाहिद खान के रूप में हुई है.
स्कूटी पर शराब लेकर यूपी से सीवान आने की सूचना
बताया जाता है कि मोजाहिद खान स्कूटी पर शराब लादकर उत्तर प्रदेश की ओर से सीवान आ रहा था. इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम को उस पर शराब तस्करी का संदेह हुआ. टीम ने उसका पीछा करना शुरू किया. इसी दौरान लक्ष्मीपुर रेल ओवरब्रिज के पास यह घटना हुई.
मौके से शराब लदी स्कूटी बरामद
घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने रेल ओवरब्रिज के पास से शराब लदी स्कूटी बरामद कर ली. विभाग की कार्रवाई के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गयी है. बरामद शराब की मात्रा और अन्य विवरण की जानकारी जांच के आधार पर सामने आयेगी.
युवक पर पहले से कई मामले दर्ज होने का दावा
मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घायल मोजाहिद खान के खिलाफ शराब तस्करी समेत कई मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान शराब के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और युवक की भूमिका से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है.
Also Read : सीवान के बालगृह में छपरा के 24 वर्षीय युवक की मौत, पटना से हुआ था ट्रांसफर, अस्पताल ले जाते समय गई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए