सीवान में बंद रेलवे फाटक को तेजी से पार कर रहा था मैजिक चालक, गेट का बूम तोड़ा, आरपीएफ ने किया गिरफ्तार

जब्त गाड़ी और टूटा बूम
Siwan News: सीवान में जल्दबाजी और लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जहां बंद हो रहे रेलवे फाटक को पार करने की कोशिश एक मैजिक पिकअप चालक को भारी पड़ गई.
सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan News: सीवान में जल्दबाजी और लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जहां बंद हो रहे रेलवे फाटक को पार करने की कोशिश एक मैजिक पिकअप चालक को भारी पड़ गई. चालक ने तेजी दिखाने के चक्कर में रेलवे गेट के बूम को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को जब्त कर लिया.
सीवान-पचरुखी रेलखंड पर हुआ हादसा
घटना सीवान-पचरुखी रेलखंड के बीच स्थित रेलवे गेट संख्या 88/सी की है. रेलवे अधिकारियों को वाराणसी डीएससीआर से सूचना मिली कि एक मैजिक पिकअप वाहन ने रेलवे फाटक के बूम को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया है. सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई.
गेट बंद हो रहा था तभी अंदर घुसा वाहन
मौके पर जांच के दौरान गेटमैन सुदर्शन राम ने बताया कि डाउन मालगाड़ी को पास कराने के लिए रेलवे फाटक बंद किया जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही मैजिक पिकअप ने बंद होते फाटक को पार करने का प्रयास किया और दूसरे छोर पर लगे बूम से जा टकराई.
टक्कर में डेढ़ मीटर तक टूट गया रेलवे बूम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलवे गेट के बूम का लगभग डेढ़ मीटर हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया. इसके बाद क्षतिग्रस्त बूम को बदलवाकर रेलवे फाटक को दोबारा चालू कराया गया. मरम्मत कार्य के दौरान ट्रेनों का परिचालन विशेष सतर्कता के साथ कराया गया.
ट्रेन संचालन नहीं हुआ प्रभावित
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के बावजूद किसी भी ट्रेन का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ. समय रहते बूम की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई, जिससे रेल यातायात सामान्य बना रहा. पूछताछ के दौरान चालक विकास कुमार, निवासी चौमुखा, थाना पचरुखी ने स्वीकार किया कि फाटक बंद होता देख वह जल्दी निकलने के लालच में रेलवे गेट के अंदर घुस गया था. इसी जल्दबाजी के कारण यह घटना हुई.
आरपीएफ ने दर्ज किया मामला
आरपीएफ ने चालक को रेल अधिनियम की धारा 160(2) के तहत गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही घटना में शामिल मैजिक पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है. रेलवे को इस घटना से लगभग 10 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है. रेलवे सुरक्षा बल ने मामले की आगे की जांच आरपीएफ चौकी दुरौंधा के उपनिरीक्षक ग्यास सरवर को सौंपी है. अधिकारियों का कहना है कि रेलवे फाटक पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










