सीवान में चंवर से युवक का शव मिलने के बाद भारी बवाल, करंट लगाकर हत्या का आरोप

Siwan News: सीवान के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के उज्जैना गांव में युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई. परिजनों ने करंट लगाकर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस गांव में कैंप कर रही है.
Siwan News: सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के उज्जैना गांव में शुक्रवार की रात चंवर से एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के परिजनों ने करंट लगाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके मद्देनजर पुलिस गांव में कैंप कर रही है.
दोस्त के साथ घर से निकला था युवक
मृतक की पहचान 23 वर्षीय मोनू पासवान के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार घटना से कुछ घंटे पहले मोनू गांव के ही एक दोस्त के साथ घर से निकला था. इसके बाद उसका शव सुनसान इलाके में बिजली के ट्रांसफार्मर के पास स्थित चंवर से बरामद हुआ.
परिजन मोनू के दोस्त पर साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगा रहे हैं.
हत्या की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान
मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि किसी विवाद के कारण युवक की हत्या बिजली प्रवाहित तार के संपर्क में लाकर की गई. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.
पूरी रात गांव में बना रहा तनाव
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर विरोध जताया. स्थिति को देखते हुए महाराजगंज के एसडीपीओ अमन, लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची.
काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
गांव में पुलिस कर रही कैंप
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस मृतक और आरोपित पक्ष के घरों के आसपास कैंप कर रही है. बताया जा रहा है कि आरोपित पक्ष के परिजन घर छोड़कर चले गए हैं. पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मोनू पासवान का शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक के भाई-बहन शव से लिपटकर रोने लगे. उपस्थित लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
मोनू पांच भाइयों में चौथे स्थान पर था. उसके बड़े भाई मनोज माझी और सनोज माझी राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, जबकि सन्नू माझी और मोनू मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते थे.
पुलिस क्या कह रही है
महाराजगंज के एसडीपीओ अमन ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों को नामजद किया गया है. प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










