पैक्सों के शोषण के खिलाफ फूटा गुस्सा, बसंतपुर में किसानों और पैक्स प्रतिनिधियों का जोरदार धरना
Published by : Sakshi kumari Updated At : 22 May 2026 2:06 PM
धरना प्रदर्शन करते पैक्स प्रतिनिधि
जिले के बसंतपुर प्रखंड में पैक्सों की समस्याओं और कथित शोषण के खिलाफ शुक्रवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया.
Siwan News: (विवेक कुमार सिंह) जिले के बसंतपुर प्रखंड में पैक्सों की समस्याओं और कथित शोषण के खिलाफ शुक्रवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया. व्यापार मंडल गोदाम परिसर में आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक, सदस्य और किसान शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की.
व्यापार मंडल गोदाम परिसर में जुटे किसान और पैक्स प्रतिनिधि
धरना प्रदर्शन बसंतपुर प्रखंड के व्यापार मंडल गोदाम परिसर में आयोजित किया गया. इसमें बसंतपुर, भगवानपुर हाट और लकड़ी नबीगंज प्रखंड के पैक्स प्रतिनिधियों और किसानों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रभुनाथ शर्मा ने की.
समय पर भुगतान नहीं मिलने से बढ़ रही परेशानी
धरना में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि पैक्सों को समय पर राशि उपलब्ध नहीं कराई जाती. धान खरीद के लिए जरूरी फंड में देरी होती है और सीएमआर देने के बाद भी भुगतान समय पर नहीं हो पाता. इससे पैक्सों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है और किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है.
पैक्स मजबूत नहीं होंगे तो किसान भी नहीं बढ़ेंगे
किसान नेता रामायण सिंह ने कहा कि पैक्स व्यवस्था गांव और किसानों की रीढ़ है, लेकिन सरकार लगातार इसकी अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि यदि पैक्स मजबूत नहीं होंगे तो किसानों का विकास भी संभव नहीं हो सकेगा.
ब्याज मुक्त राशि और मिलिंग व्यवस्था की मांग
पैक्स अध्यक्ष बालेश्वर राय ने सरकार से मांग की कि धान खरीद के लिए तुरंत ब्याज मुक्त राशि उपलब्ध कराई जाए. साथ ही पैक्स स्तर पर ही धान की मिलिंग की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर लाभ मिल सके.
जर्जर गोदाम और कम वेतन का भी उठा मुद्दा
धरना में यह मांग भी उठी कि सीएमआर आपूर्ति के बाद भुगतान में हो रही देरी समाप्त की जाए. जर्जर गोदामों की मरम्मत के लिए अलग फंड दिया जाए और पैक्स प्रबंधकों को सम्मानजनक वेतन उपलब्ध कराया जाए. खाद-बीज के कार्यों के लिए भी ब्याज मुक्त राशि देने की मांग की गई.
मांगें नहीं मानी गईं तो तेज होगा आंदोलन
आयोजकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द इन मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. धरना में कृष्णा साह, रंजन यादव, बबन तिवारी, जनार्दन सिंह, प्रेम शंकर यादव, शैलेन्द्र महतो, लोकनाथ राय और कई अन्य लोग मौजूद रहे.
Also Read: सीवान डीएम का बड़ा एक्शन, 90 हड़ताली पंचायत सचिव निलंबित, BDO को भी सख्त आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










