सीवान में कुर्की के डर से कुख्यात ने किया आत्मसमर्पण, 27 साल का है अपराधिक इतिहास, जानिए पूरी खबर...
Published by : Sakshi kumari Updated At : 25 May 2026 7:21 AM
सरेंडर के बाद पुलिस गिरफ्तार में कुख्यात
Siwan News: पुलिस की लगातार दबिश और संपत्ति कुर्की की तैयारी से घबराकर जिले का चर्चित अपराधी लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन ने रविवार को नगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
Siwan News: (सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट) पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे कुर्की महाअभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है. पुलिस की लगातार दबिश और संपत्ति कुर्की की तैयारी से घबराकर जिले का चर्चित अपराधी लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन ने रविवार को नगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. उसके सरेंडर के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया है.
27 साल के आपराधिक इतिहास वाला बदमाश पहुंचा थाने
आत्मसमर्पण करने वाला अभियुक्त हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी कुदन मियां का पुत्र लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन बताया गया है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पुलिस की सख्त कार्रवाई और कुर्की की तैयारी से वह लगातार दबाव में था.
हत्या, रंगदारी और फायरिंग समेत 19 गंभीर मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और संगीन मामलों से भरा हुआ है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग, लूट की साजिश, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 19 गंभीर कांड विभिन्न थानों में दर्ज हैं. वर्ष 1999 से लेकर 2020 तक नगर और मुफ्फसिल थाने में उसके खिलाफ लगातार मामले दर्ज होते रहे हैं. इनमें हत्या, 307, 387, 120बी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं.
कुर्की अभियान से फरार अपराधियों की बढ़ी बेचैनी
जिले में चल रहे विशेष कुर्की अभियान के तहत पुलिस फरार अपराधियों की संपत्ति जब्त करने और कानूनी शिकंजा कसने में जुटी है. इसी दबाव में कई पुराने अपराधियों की नींद उड़ गई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी फरार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
या तो जेल या फिर कुर्की
सीवान पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संकेत दिया है कि फरार अपराधियों के लिए अब जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा. पुलिस की लगातार सख्ती और विशेष अभियान से अपराध जगत में दहशत का माहौल बना हुआ है.
Also Read: 25 मई को सीवान के सदर अस्पताल आने के पहले जान लें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










