11 माह से मानदेय भुगतान न होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने गुठनी अस्पताल के सिविल सर्जन को 3 घंटे तक बनाया बंधक

Updated:
विज्ञापन
Siwan ASHA Workers' Protest: Angered by the non-payment of honorarium for 11 months, ASHA workers held

सांकेतिक तस्वीर

Siwan ASHA Workers Protest : सीवान के गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 माह से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सिविल सर्जन डॉ. श्री निवास प्रसाद को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा.

विज्ञापन

Siwan ASHA Workers Protest : सीवान के गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 माह से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सिविल सर्जन डॉ. श्री निवास प्रसाद को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा. पुलिस के हस्तक्षेप और जल्द भुगतान के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ.

Siwan News : मानदेय नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा

प्रतिनिधि, गुठनी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 माह से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. नाराज कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे ओपीडी सेवा और मरीजों की आवाजाही प्रभावित रही. इसी दौरान निरीक्षण पर पहुंचे सिविल सर्जन डॉ. श्री निवास प्रसाद को भी अस्पताल परिसर में रोक लिया गया.

तीन घंटे बाद पुलिस ने कराया मुक्त

स्थिति बिगड़ने पर सिविल सर्जन ने गुठनी थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार और एसआई सुरेंद्र पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आशा कार्यकर्ताओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया. करीब तीन घंटे बाद अस्पताल का मुख्य गेट खुलवाया गया और सिविल सर्जन को बाहर निकाला गया.

लिखित आश्वासन के बाद भी नहीं मिला भुगतान

आशा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सिविल सर्जन ने पहले लिखित आश्वासन दिया था कि अगस्त 2025 से मार्च 2026 तक का लंबित मानदेय भुगतान मंगलवार से शुरू कर दिया जाएगा. लेकिन तय समय तक भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं हुई. इससे नाराज होकर उन्हें फिर से आंदोलन शुरू करना पड़ा.

पहले भी 9 दिन तक चली थी हड़ताल

गौरतलब है कि मानदेय भुगतान की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने 19 जून से 27 जून तक ओपीडी सेवा बाधित कर हड़ताल की थी. 27 जून को सिविल सर्जन के साथ लंबी वार्ता और लिखित आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था. हालांकि वादा पूरा नहीं होने पर बुधवार से फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी गई.

अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक 11 माह का बकाया मानदेय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक ओपीडी सेवा बाधित रहेगी.

सिविल सर्जन ने क्या कहा

सिविल सर्जन डॉ. श्री निवास प्रसाद ने कहा कि तकनीकी कारणों से आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय लंबित है. विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही सभी का बकाया भुगतान जल्द कर दिया जाएगा.

प्रमुख लोग रहे मौजूद

मौके पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी रवि शेखर, रीता सिंह, मीरा देवी, संगीता देवी, किरण देवी, यशोदा देवी, गीता देवी, मंजू देवी, नीतू देवी समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं.

Also Read : गोपालगंज के मुखीराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का टूटा मुख्य गेट, मरम्मत की मांग तेज कभी भी हो सकता है हादसा

विज्ञापन
Chandra Prakash

लेखक के बारे में

By Chandra Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन