सीवान:राहुल गांधी की फैक्ट फाइंडिंग टीम ने गोली से घायल बुलेट गोंड से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की मांग

Updated:
विज्ञापन
घायल बुलेट गोंड से मुलाकात करते कांग्रेस शिष्ट मंडल के सदस्य | Prabhat Khabar Network

घायल बुलेट गोंड से मुलाकात करते कांग्रेस शिष्ट मंडल के सदस्य

सीवान के दरौली में छात्र प्रदर्शन के दौरान घायल बुलेट गोंड से राहुल गांधी की फैक्ट फाइंडिंग टीम ने मुलाकात की. टीम ने निष्पक्ष जांच, आर्थिक सहायता, रोजगार और घायलों के पुनर्वास की मांग उठाई.

विज्ञापन

Siwan News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा गठित कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम रविवार को सीवान पहुंची. टीम ने छात्र प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल दरौली प्रखंड के डुमरहर गांव निवासी बुलेट गोंड से उनके आवास पर मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित एवं उनके परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया. टीम ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.

प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, सासाराम सांसद मनोज राम, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक विक्रांत भूरिया, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मिमांसा आर्या, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष उमैर खान, प्रेमचंद सिंह, शशि कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह, सौम्या श्रीवास्तव, अमन कुमार और वसीम खान शामिल थे.

डीएम और एसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

दरौली जाने से पहले प्रतिनिधिमंडल ने करीब एक घंटे तक जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन चंद्र झा से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की. टीम ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. साथ ही छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों की समीक्षा, घायलों के पुनर्वास, आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी.

इमरान प्रतापगढ़ी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

बैठक के दौरान राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने दावा किया कि घटना में एके-47 के अलावा पिस्टल से भी फायरिंग हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिस्टल से फायरिंग करने वालों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इस मामले को संसद में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी.

H2: घायल बुलेट गोंड ने सुनाई आपबीती

डुमरहर गांव में बुलेट गोंड ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि घटना वाले दिन वह डीएवी मोड़ से थाना रोड की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें गोली लगी. उनका आरोप था कि घायल होने के बाद भी पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जिस वाहन से उन्हें घर लाया गया, उसमें बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. वर्तमान में भी उनके पैर में सूजन है और चलने-फिरने में परेशानी हो रही है.

डीएम ने मेडिकल जांच कराने का दिया आश्वासन

बुलेट गोंड की स्थिति देखने के बाद सांसद मनोज राम ने मौके से ही जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात की. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, जिलाधिकारी ने दोबारा मेडिकल टीम भेजकर स्वास्थ्य जांच कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराने का आश्वासन दिया.

रोजगार और आर्थिक सहायता की मांग

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि बुलेट गोंड अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे थे और शारीरिक दक्षता परीक्षा भी पास कर चुके थे. गोली लगने से उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. उन्होंने प्रशासन से उनके लिए रोजगार की व्यवस्था और समुचित आर्थिक सहायता देने की मांग की. साथ ही कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से भी आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया.

राहुल गांधी को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि फैक्ट फाइंडिंग टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपेगी. रिपोर्ट के आधार पर पार्टी इस मामले को सभी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मंचों पर उठाएगी. टीम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों की समीक्षा की मांग दोहराई.

गांधी मैदान का भी किया निरीक्षण

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल गांधी मैदान पहुंचा, जहां छात्र प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज हुआ था. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोप लगाया कि प्रशासन ने जल्दबाजी में मैदान खाली कराया और छात्रों पर बेतरतीब लाठीचार्ज किया.

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, महाराजगंज जिलाध्यक्ष जवाहर भाई, प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक सिंह, डॉ. केशव तिवारी, संतोष यादव, अमित कुशवाहा, आशुतोष कुमार, पवन यादव, आशीष यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा


विज्ञापन
मनीष गिरि

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन