सीवान के रघुनाथपुर में डीएम ने जनप्रतिनिधियों से किया सीधा संवाद, समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया निर्देश
बैठक में शामिल होने पहुंचे डीएम
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने रघुनाथपुर प्रखंड का दौरा कर जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया. बिजली के खुले तार, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
Raghunathpur Issues: जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने रविवार को रघुनाथपुर प्रखंड पहुंचकर जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया. प्रखंड सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने क्षेत्र की समस्याओं, विकास योजनाओं और पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली. बैठक की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपना परिचय दिया.
आपके शहर में
खुले बिजली तारों की समस्या पर डीएम ने लिया संज्ञान
रघुनाथपुर के उप प्रमुख ने पंचायत में बिजली के खुले और लटके तारों से दुर्घटना की आशंका जताते हुए कवर तार लगाने की मांग की. इस पर डीएम ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता को समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया.
गोपी पतियांव पंचायत के मुखिया ने ग्रामीण सड़क की समस्या उठायी. डीएम ने संबंधित विभाग को यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
WPU और पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर हुई चर्चा
रघुनाथपुर के मुखिया ने पंचायत में वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU) और पंचायत सरकार भवन का निर्माण नहीं होने की समस्या रखी. प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि WPU के लिए स्थल चिह्नित कर लिया गया है, जबकि पंचायत सरकार भवन के लिए जमीन चिह्नित करने की कार्रवाई चल रही है.
नल-जल और सोलर लाइट की समस्या दूर करने का निर्देश
चकरी पंचायत के मुखिया ने सोलर लाइट और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं को उठाया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया. PHED को नल-जल योजना का सर्वे कराकर समस्या दूर करने को कहा गया. वहीं सोलर लाइट की खराबी दूर कराने के लिए संबंधित वेंडर के माध्यम से कर्मी प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया.
ग्राम कचहरी में कर्मचारियों की अनुपस्थिति की शिकायत
गोपी पतियांव के सरपंच ने ग्राम कचहरी में पदाधिकारी-कर्मियों के समय पर उपस्थित नहीं रहने की शिकायत की. वहीं करसर पंचायत के मुखिया ने डिग्री कॉलेज खोलने की मांग रखी.
गंभीरार पंचायत के मुखिया ने नदी कटाव से उत्पन्न खतरे की ओर डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया. निख्तीकला के सरपंच ने पुराने पोखरे से अतिक्रमण हटाने की मांग की.
जलजमाव और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा
खुजवों के पंचायत समिति सदस्य ने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थानीय लोगों के नाम शिलापट्ट पर अंकित कराने की मांग की. नरहन के पंचायत समिति सदस्य ने दलित बस्ती के समीप पोखरे पर अतिक्रमण के कारण सड़क पर जलजमाव की समस्या उठायी.
समय पर समस्याओं का निष्पादन करने का निर्देश
डीएम विजय प्रकाश मीणा ने सभी पदाधिकारियों को कार्यालय में ससमय उपस्थित रहने और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया. उन्होंने समस्याओं का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा.
डीएम ने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें: सारण: शादी के 6 महीने बाद ऐसा क्या हुआ? पहले चेन्नई में पति की मौत, फिर बंद कमरे में मिली पत्नी की लाश!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए