अरहर की खेती से बढ़ेगी आमदनी, सीवान में किसानों को बताए गए वैज्ञानिक तरीके

Updated:
विज्ञापन
किसानों की बैठक में जानकारी देते डीएओ आलोक कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network

किसानों की बैठक में जानकारी देते डीएओ आलोक कुमार व अन्य

Siwan Arhar Farming Training : बड़हरिया में अरहर की वैज्ञानिक खेती पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित। किसानों को बिहार कृषि ऐप, केसीसी और जैविक खेती के बारे में दी गई विस्तृत जानकारी।

विज्ञापन

Siwan Arhar Farming Training : सीवान के बड़हरिया प्रखंड की पड़रौना खुर्द पंचायत के सावना गांव स्थित सती स्थान पर आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत अरहर की खेती पर प्रथम सत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का संचालन नोडल पदाधिकारी सहायक तकनीकी प्रबंधक सतीश सिंह की देखरेख में हुआ, जबकि इसकी अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने की.

किसानों को वैज्ञानिक खेती के बताए गए फायदे

जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने किसानों को दलहनी फसलों, विशेषकर अरहर की वैज्ञानिक खेती की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दलहनी फसलों की जड़ों में मौजूद राइजोबियम जीवाणु वायुमंडल की नाइट्रोजन को भूमि में स्थिर कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाते हैं. इससे अगली फसल में यूरिया की आवश्यकता भी कम हो जाती है. उन्होंने यह भी बताया कि अरहर की गहरी जड़ें मिट्टी की निचली सतह से भी पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग करती हैं.

47 किसानों का बिहार कृषि ऐप पर हुआ पंजीकरण

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बिहार कृषि ऐप के उपयोग और इसके लाभों की जानकारी दी गई. इस अवसर पर 47 किसानों का पंजीकरण कर उन्हें बिहार कृषि ऐप से जोड़ा गया. साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना, मेड़बंदी के साथ अरहर की खेती और जैविक खेती के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई.

खेत में कराया गया अरहर की बुआई का प्रदर्शन

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद जिला कृषि पदाधिकारी की मौजूदगी में किसानों के खेतों में जाकर अरहर की बुआई का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया. अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों के अनुसार खेती करने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की सलाह दी.

कृषि अधिकारियों और किसानों की रही भागीदारी

कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी बृज किशोर कुशवाहा, जिला कृषि समन्वयक अजीत कुमार, कृषि समन्वयक नौशाद अहमद, किसान सलाहकार संजीव कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य कृषि कर्मी मौजूद रहे. वहीं किसान ललन प्रसाद, हरेराम सिंह, इंद्रासन साह, राजेंद्र शर्मा, हेमनारायण शर्मा, मीना देवी, उर्मिला देवी, मीरा देवी, सुमन देवी, लीलावती देवी और ललिता देवी सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया.

Also Read : सीवान : सैकड़ों साल पुराने महाराजगंज रेलवे स्टेशन पर पानी तक नहीं, यात्री बोले- सुविधाएं कब मिलेंगी?


विज्ञापन
आनंद मिश्र

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन