हाई वोल्टेज ट्रांसफॉर्मर के नीचे चल रही चाय-नाश्ते की दुकान, महाराजगंज में हर दिन मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा

Updated:
विज्ञापन

ट्रांसफॉर्मर के नीचे सजी दुकान

Maharajganj Transformer News : सीवान के महाराजगंज में ट्रांसफॉर्मर के नीचे फल और चाय-नाश्ते की दुकानें लगने से बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है. बिजली विभाग और नगर पंचायत ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Maharajganj Transformer News : पेट की आग बुझाने की मजबूरी लोगों को हर दिन मौत के मुहाने तक ले जा रही है. महाराजगंज के शहीद स्मारक चौक, नया बाजार समेत कई स्थानों पर बिजली के ठीक नीचे फल, चाय और नाश्ते की दुकानें लग रही हैं. इन दुकानों पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है.

आपके शहर में

विज्ञापन

ट्रांसफॉर्मर के नीचे क्यों बढ़ रहा है हादसे का खतरा?

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकानदार ट्रांसफॉर्मर के ठीक नीचे अपना कारोबार कर रहे हैं और ग्राहक भी वहीं खड़े होकर खरीदारी करते हैं. यदि किसी कारण ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट, स्पार्किंग, ओवरलोड या आग लग जाए, तो कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता है. ऐसी स्थिति में दुकानदारों के साथ-साथ वहां मौजूद ग्राहक भी इसकी चपेट में आ सकते हैं.

प्रशासन की नजर के बावजूद क्यों नहीं हो रही कार्रवाई?

सबसे हैरानी की बात यह है कि जिन स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर के नीचे दुकानें लग रही हैं, वहां से प्रशासन, नगर पंचायत और बिजली विभाग के अधिकारियों का प्रतिदिन आना-जाना होता है. इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

दुकानदारों ने क्या बताई मजबूरी?

दुकानदारों का कहना है कि उनके पास रोजगार का कोई दूसरा साधन नहीं है. शहर में फुटपाथ पर सुरक्षित स्थान नहीं मिलने के कारण वे मजबूरी में ट्रांसफॉर्मर के नीचे दुकान लगाते हैं. कई दुकानदार वर्षों से इसी स्थान पर अपना व्यवसाय कर रहे हैं. उनका कहना है कि यदि दुकान हटा दी गई तो परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा.

बिजली विभाग ने क्या कहा?

बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) आशीष रंजन ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर के नीचे या उसके आसपास दुकान लगाना और भीड़ जुटाना बेहद खतरनाक है. उन्होंने बताया कि दुकानदारों को ट्रांसफॉर्मर के नीचे से दुकान हटाने का कड़ा निर्देश दिया गया है.

नगर पंचायत की क्या है योजना?

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मरों के नीचे लग रही दुकानों को हटाने के लिए बिजली विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा. अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित स्थानों को इस प्रकार विकसित या सुरक्षित किया जाएगा कि वहां दोबारा दुकानें न लग सकें. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना और जान-माल के नुकसान को रोकना है. नगर पंचायत जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करेगी.

Also Read : सीवान में कार और टेंपू में भीषण टक्कर, रातभर गाड़ी के नीचे दबा रहा बुजुर्ग, डायल 112 की भी नहीं पड़ी नजर

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन