सीवान में कार और टेंपू में भीषण टक्कर, रातभर गाड़ी के नीचे दबा रहा बुजुर्ग, डायल 112 की भी नहीं पड़ी नजर

Siwan Road Accident : सीवान में कार और टेंपू की भीषण टक्कर में एक बुजुर्ग की भी मौत हो गई. बुजुर्ग का शव रातभर कार के नीचे दबा रहा और पुलिस की भी नजर उसपर नहीं पड़ी.
Siwan Road Accident : सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कार और टेम्पो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर की चपेट में आने से एक मिठाई कारीगर की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद रविवार सुबह जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को मिली परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Siwan Road Accident : कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बड़हरिया-सीवान मुख्य मार्ग पर यमुनागढ़ गेट के पास स्थित पप्पू स्वीट्स, भोजनालय एवं चाट कॉर्नर के सामने शनिवार रात करीब 10:38 बजे सीवान की ओर से आ रही एक कार और बड़हरिया की ओर से आ रहे टेम्पो के बीच सीधी टक्कर हो गई.
हादसे के समय दरौंदा थाना क्षेत्र के कोड़र गांव निवासी 60 वर्षीय सत्यनारायण प्रसाद होटल के सामने पेड़ के नीचे बैठे थे. टक्कर की चपेट में आने से वह कार के नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
रातभर कार के नीचे पड़ा रहा शव
हादसे के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़हरिया भेज दिया. हालांकि, कार के नीचे दबे होने के कारण सत्यनारायण प्रसाद का शव किसी की नजर में नहीं आया.
होटल संचालक और अन्य लोगों ने यह समझा कि वह रोज की तरह पास स्थित मंदिर परिसर में सोने चले गए हैं. रविवार सुबह क्षतिग्रस्त कार हटाने के दौरान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सूचना मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलने पर बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची मृतक की इकलौती पुत्री अपने पिता का शव देखकर बेहोश हो गई.
दोनों वाहनों को पुलिस ने किया जब्त
पुलिस के अनुसार, कार और टेम्पो में तीन-तीन लोग सवार थे. हादसे में सभी को मामूली चोटें आई हैं. घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़हरिया में कराया गया. थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार और टेम्पो दोनों को जब्त कर लिया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










