45 वार्डों में एक साथ शुरू हुआ सफाई अभियान, 900 टन से अधिक कचरा हटाने में लगेंगे एक-दो दिन
शहर में सफाई कार्य जारी | Prabhat Khabar Network
सीवान नगर परिषद कर्मियों की हड़ताल खत्म होने के बाद शहर में सफाई अभियान शुरू हो गया है। 45 वार्डों से 900 टन कचरा हटाने का काम तेजी से जारी है।
Siwan News : सीवान में आठ दिनों से कूड़े के ढेर और सड़ांध से परेशान शहरवासियों को शुक्रवार को राहत मिली. नगर परिषद कर्मियों की बेमियादी हड़ताल खत्म होते ही शहर के सभी 45 वार्डों में कूड़ा उठाव और सफाई का काम फिर शुरू हो गया. सुबह से ही सफाईकर्मी सड़कों और गलियों में उतर गए. कूड़ा उठाने वाले वाहन लगाए गए और कई इलाकों में झाड़ू भी लगाई गई. हालांकि, आठ दिनों में जमा हुए 900 टन से अधिक कचरे को पूरी तरह हटाकर शहर को साफ-सुथरा करने में अभी एक से दो दिन का समय लगने की संभावना है.
आठ दिनों में जगह-जगह लग गये थे कचरे के ढेर
नगर परिषद कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर 30 जुलाई से बेमियादी हड़ताल शुरू की थी. सफाईकर्मियों के काम बंद कर देने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी. नियमित कूड़ा उठाव नहीं होने के कारण मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और गलियों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे. कई स्थानों पर कचरा सड़क तक फैल गया था. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्गंध का भी सामना करना पड़ रहा था.
सभी वार्डों में उतरे सफाईकर्मी
हड़ताल समाप्त होने की घोषणा के बाद शुक्रवार को सफाईकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में काम पर लौट आए. सबसे पहले उन स्थानों पर सफाई शुरू कराई गई, जहां कई दिनों से कचरा जमा था. कूड़ा उठाने वाले वाहनों को अलग-अलग वार्डों में भेजा गया. गलियों में झाड़ू लगाने के साथ सड़क किनारे जमा कचरे को भी हटाया गया. नगर परिषद प्रशासन की ओर से सभी 45 वार्डों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है.
एक-दो दिन में कचरा हटाने का लक्ष्य
अधिकारियों के अनुसार, शहर में जमा कचरे का अधिकतर हिस्सा एक-दो दिनों में हटा दिए जाने की उम्मीद है. लंबे समय से जमा कचरे के ढेर हटने के साथ ही शहर की सड़कों का स्वरूप भी बदलने लगा है. हालांकि, अभी भी कई स्थानों पर कचरे के ढेर मौजूद हैं. इन्हें हटाने के बाद ही शहर पूरी तरह साफ-सुथरा नजर आएगा.
चैहलुम को लेकर की गई थी वैकल्पिक व्यवस्था
शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने गुरुवार रात से ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एजेंसी के माध्यम से कुछ स्थानों पर कूड़ा उठाव शुरू करा दिया था. चैहलुम पर्व को देखते हुए भी प्रशासन को वैकल्पिक सफाई व्यवस्था करनी पड़ी थी. शुक्रवार से नियमित सफाईकर्मियों के काम पर लौटने के बाद कूड़ा उठाव में तेजी आ गई.
मांगों पर सहमति के बाद खत्म हुई हड़ताल
नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ हुई वार्ता और आधिकारिक घोषणा के बाद नगर निकाय कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया. छह अगस्त को नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लॉइज फेडरेशन और संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में कर्मचारियों के दैनिक मानदेय, सेवाशर्तों में सुधार, दुर्घटना एवं स्वास्थ्य बीमा तथा आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय की सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी.
कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया
कर्मचारियों की अन्य मांगों पर विचार के लिए विभागीय सचिव की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है. समिति को एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है. इसके अलावा हड़ताल के दौरान कर्मियों पर की गई किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई को रद्द करने का निर्णय लिया गया है. इन मुद्दों पर सहमति बनने के बाद संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की. इसके बाद शुक्रवार से नगर परिषद क्षेत्र में सफाई और कूड़ा उठाव का काम फिर सुचारू रूप से शुरू हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










