महावीरी जुलूस को लेकर बड़हरिया में डीएम-एसपी का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के लिए CCTV-ड्रोन से निगरानी

Updated:
विज्ञापन

फ्लैग मार्च में शामिल डीएम

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

महावीरी जुलूस और अखाड़े को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बड़हरिया प्रखंड में फ्लैग मार्च किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए.

विज्ञापन

Mahaviri procession: महावीरी जुलूस और अखाड़े को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बड़हरिया प्रखंड में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान अधिकारियों ने जुलूस के संभावित मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

विज्ञापन

कर्बला से शुरू हुआ फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च कर्बला से शुरू होकर पुरानी बाजार, थाना चौक, खानपुर मोड़, ज्ञानी मोड़ होते हुए लकड़ी से आगे मुख्य मेला स्थल और अखाड़े के संभावित रूट तक किया गया. अधिकारियों ने रास्ते में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया.

डीएम ने अखाड़ा समितियों के सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि महावीरी जुलूस और अखाड़े पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्ग से ही निकाले जायें. बिना अनुमति किसी भी परिस्थिति में जुलूस के रूट में बदलाव नहीं किया जाये.

अतिक्रमण हटाने और लटकते तार दुरुस्त करने का निर्देश

डीएम ने जुलूस के मार्ग में मौजूद अतिक्रमण को समय रहते हटाने का निर्देश दिया. विद्युत विभाग को भी रास्ते में लटक रहे तारों को दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग तथा ड्रॉप गेट लगाने का निर्देश दिया गया. चिह्नित मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरे और वॉच टावर लगाने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया.

धार्मिक स्थलों के आसपास रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा.

मिश्रित आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों में क्विक रिस्पॉन्स टीम तथा बाइक पेट्रोलिंग दल की लगातार तैनाती करने का भी निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा.

जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्ट करने का निर्देश

यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा. आवश्यकता पड़ने पर रूट डायवर्ट कर वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया. जुलूस के मार्ग में छतों और गलियों में रखे ईंट-पत्थर जैसी वस्तुओं को हटाने या ढकने को कहा गया.

मेला स्थल पर इमरजेंसी व्यवस्था के निर्देश

डीएम ने स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाये रखने को कहा. मेला स्थल पर आपातकालीन निकास, अग्निशमन वाहन और प्राथमिक चिकित्सा दल की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने कहा कि महावीरी जुलूस और अखाड़े को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी लोगों से सहयोग की अपील की गयी.

कई अधिकारी और पुलिस बल रहे मौजूद

फ्लैग मार्च में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, गोपनीय शाखा, वरीय उप समाहर्ता शालू कुमारी और जूली कुमारी, बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन