सीवान में जाम से लोग बेहाल, 30 मिनट तक फंस रहे वाहन; अतिक्रमण और स्कूल बसों ने बढ़ाई परेशानी
फ़ोटो: शहर में लगी जाम
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से लोग बेहाल हैं. चंद मिनटों की दूरी तय करने में 30 मिनट तक जाम में फंसना पड़ रहा है. अतिक्रमण, फुटपाथ दुकानदारों और स्कूल बसों ने समस्या को और विकराल बना दिया है. जानें क्या है वजह और क्या हो सकते हैं समाधान.
Siwan Traffic Jam: शहर में लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने के बजाय परेशानी बढ़ती जा रही है. चंद मिनट की दूरी तय करने में लोगों को 30 मिनट तक जाम में फंसना पड़ता है. इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए लोगों ने जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी है.
शहर की मुख्य सड़कों के दोनों ओर फुटपाथ दुकानदारों का कब्जा रहने के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है. वहीं, सड़क किनारे बाइक और चार पहिया वाहन खड़े होने से स्थिति और खराब हो जाती है. इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और थोड़ी देर में ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन को जाम से निजात दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था करनी चाहिए, लेकिन अब तक की कवायद कारगर साबित नहीं हुई है.
कई प्रमुख चौक-चौराहों पर दिनभर रहती है जाम की स्थिति
अस्पताल रोड, अस्पताल मोड़, जेपी चौक, शांति वट वृक्ष, थाना मोड़ और सुदर्शन चौक सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लोगों को दिनभर जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. कई बार सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. ऐसे समय में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले जवान भी जाम हटाने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाते हैं.
कचहरी ढाला पर रेलवे फाटक बंद होने के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है. ट्रेन के आने-जाने के दौरान फाटक बंद होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. फाटक खुलने के बाद वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम खुलने में भी काफी समय लगता है.
फुटपाथ के दुकानदारों ने बढ़ायी परेशानी
शहर की मुख्य सड़कों के दोनों तरफ फुटपाथ पर दुकानें लगने के कारण अतिक्रमण की स्थिति बनी रहती है. इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो गयी है. दूसरी ओर शहर में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या का दबाव भी ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है. अतिक्रमण और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण जाम की समस्या और विकराल होती जा रही है.

सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण
सदर अस्पताल के सामने से गुजरने वाला अस्पताल रोड भी अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहा है. अस्पताल के मुख्य गेट के आसपास फुटपाथ पर कई दुकानें लगी रहती हैं. इससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल आने-जाने में परेशानी होती है. एंबुलेंस के आवागमन में भी दिक्कत होती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर उसी जगह दुकानें लग जाती हैं. ऐसे में स्थायी समाधान के लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई की जरूरत है.

स्कूल बसें भी बढ़ा रहीं जाम का दबाव
शहर में स्कूल बसों की आवाजाही भी जाम की समस्या को बढ़ा रही है. स्कूलों की छुट्टी लगभग एक ही समय होने के कारण कई मार्गों पर एक साथ बड़ी संख्या में स्कूल बसें निकलती हैं. एक ही स्कूल की कई बसें एक ही रूट से गुजरने के कारण भी सड़कों पर दबाव बढ़ जाता है.
इसका असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ता है. जाम में फंसने के कारण बच्चों को स्कूल से घर पहुंचने में काफी समय लग जाता है. लोगों का सुझाव है कि स्कूल प्रबंधन आपसी समन्वय से छुट्टी के समय में 10 से 15 मिनट का अंतर रखे. साथ ही स्कूल बसों के लिए रूट चार्ट तैयार किया जाये, ताकि एक ही सड़क पर एक साथ अधिक संख्या में बसें नहीं पहुंचें. सड़क की स्थिति और छात्रों की संख्या के अनुसार बसों के रूट का निर्धारण करने से भी जाम की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है.
बोले पदाधिकारी
चौक-चौराहों पर ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गयी है. सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए