सीवान: दरौंदा में शराब के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 195 लीटर देसी शराब बरामद; पति-पत्नी पर FIR
दरौंदा थाना | Prabhat Khabar Network
दरौंदा पुलिस ने बगौरा पासी टोला में छापेमारी कर 195 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने सोनू चौधरी और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Siwan News : शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए दरौंदा थाना पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने बगौरा पासी टोला में छापेमारी कर करीब 195 लीटर देसी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान पुलिस के पहुंचते ही एक पुरुष और महिला मौके से भागने लगे. दोनों की पहचान सोनू चौधरी, पिता स्व. हरेंद्र चौधरी, और उसकी पत्नी के रूप में हुई है. मामले में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को करीब 11:05 बजे शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि बगौरा पासी टोला में सोनू चौधरी और उसके परिवार के लोग घर से अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं. सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी गयी और पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही भागने लगे पति-पत्नी
पुलिस टीम के घर पहुंचते ही एक पुरुष और एक महिला वहां से भागने लगे. पुलिस बल ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके से फरार होने में सफल रहे. इसके बाद ग्रामीण चौकीदार से पूछताछ की गयी, जिसमें दोनों की पहचान सोनू चौधरी और उसकी पत्नी के रूप में हुई.
घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखी थी शराब
इसके बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर की विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर के पीछे दीवार से सटे एक गड्ढे में छिपाकर रखे गये उजले रंग के प्लास्टिक गैलनों और डिब्बों से शराब बरामद हुई. इनमें 10-10 लीटर और 20-20 लीटर की क्षमता वाले डिब्बे शामिल थे.
195 लीटर देसी शराब जब्त, जब्ती सूची तैयार
पुलिस ने तलाशी के दौरान करीब 195 लीटर देसी शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया. बरामद शराब की विधिवत जब्ती सूची तैयार की गयी. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और शराब कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए