JPU ने जारी किया स्नातक पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा शेड्यूल, 22 से 26 सितंबर तक दो पालियों में होगी परीक्षा
AI से बनाई गई तस्वीर
जय प्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक पांचवें सेमेस्टर परीक्षा 2025 का शेड्यूल जारी किया। परीक्षा 22 से 26 सितंबर तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
JPU Gopalganj : जय प्रकाश विश्वविद्यालय ने सीबीसीएस स्नातक पांचवें सेमेस्टर परीक्षा-2025, सत्र 2023-27 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके तहत पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा 22 सितंबर से 26 सितंबर तक दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:30 से शाम 4:30 बजे तक चलेगी. प्रायोगिक परीक्षा 8 से 12 अक्तूबर तक आयोजित की जायेगी, जबकि परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 सितंबर तक पूरी करनी होगी.
पहली पाली में ग्रुप ए, दूसरी में ग्रुप बी के विद्यार्थी
विश्वविद्यालय ने परीक्षा के विषयों को ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में बांटा है. पहली पाली में ग्रुप-ए के विषयों के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि दूसरी पाली में ग्रुप-बी के विषयों के परीक्षार्थी शामिल होंगे.
ग्रुप-ए में भौतिकी, रसायनशास्त्र, गणित, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान और वाणिज्य शामिल हैं. वहीं ग्रुप-बी में भोजपुरी, इतिहास, श्रम एवं समाज कल्याण, अर्थशास्त्र, संस्कृत, संगीत, एआईएच एंड सी, ग्रामीण अर्थशास्त्र, भूगोल, अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, गृह विज्ञान, समाजशास्त्र और पर्शियन विषय रखे गये हैं.
22 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को दोनों पालियों में एमजेसी-8 की परीक्षा होगी. 23 सितंबर को दोनों पालियों में एमजेसी-9 की परीक्षा आयोजित की जायेगी.
24 सितंबर को दोनों पालियों में माइनर विषयों के एमआइसी पेपर-5 की परीक्षा होगी. इसके बाद 26 सितंबर को दोनों पालियों में एमआइसी पेपर-6 की परीक्षा आयोजित की जायेगी.
8 से 12 अक्तूबर तक होगी प्रायोगिक परीक्षा
लिखित परीक्षा समाप्त होने के बाद 8 से 12 अक्तूबर तक प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जायेगी. विश्वविद्यालय ने संबंधित कॉलेजों को परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है.
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल मिला तो होगी कार्रवाई
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन मिलने पर उसे जब्त कर लिया जायेगा और वापस नहीं किया जायेगा. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को निर्धारित परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी. किसी अन्य केंद्र पर परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी और परीक्षा केंद्र में किसी तरह का बदलाव भी नहीं किया जायेगा.
सामूहिक नकल हुई तो रद्द हो सकती है परीक्षा
विश्वविद्यालय ने परीक्षा में कदाचार को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किये हैं. बड़े स्तर पर सामूहिक नकल की शिकायत मिलने, वॉकआउट या स्टे आउट की स्थिति में संबंधित परीक्षा रद्द की जा सकती है. ऐसी स्थिति में संबंधित परीक्षा केंद्र पर दोबारा परीक्षा आयोजित नहीं की जायेगी. विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों और परीक्षा केंद्रों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए